Last Updated: November 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

भारत में जल्द बंद होने जा रही Toyota Innova Crysta, सामने आई ये बड़ी वजह

January 4, 2026

भारत में जल्द बंद होने जा रही Toyota Innova Crysta, सामने आई ये बड़ी वजह

ऑटो डेस्क: पिछले करीब दो दशकों से Toyota Innova और बाद में आई Innova Crysta भारतीय MPV सेगमेंट में भरोसे और मजबूती की पहचान रही हैं। चाहे फैमिली कार की बात हो या टैक्सी सेगमेंट की, Innova Crysta हमेशा लोगों की पहली पसंद मानी गई है। लेकिन अब ऐसी खबरें सामने आ रही हैं कि Toyota मार्च 2027 तक भारतीय बाजार से Innova Crysta डीजल को पूरी तरह बंद कर सकती है। इसके पीछे कंपनी की बदलती रणनीति और आने वाले नए नियमों को बड़ी वजह माना जा रहा है।

दरअसल, Toyota Innova Crysta आज भी एक मजबूत, आरामदायक और प्रीमियम MPV के तौर पर खूब पसंद की जाती है। इसके बावजूद कंपनी इसे बंद करने पर विचार कर रही है। इसकी सबसे बड़ी वजह आने वाले सख्त CAFE 3 नियम बताए जा रहे हैं। ये नियम वाहन कंपनियों पर यह दबाव डालते हैं कि वे अपनी सभी गाड़ियों की औसत फ्यूल एफिशिएंसी बेहतर रखें और कार्बन उत्सर्जन को कम करें। अगर कोई कंपनी इन नियमों पर खरी नहीं उतरती, तो उस पर जुर्माना भी लग सकता है।

ये भी पढ़ें: रंग लाई Raghav Chadha की मेहनत, गिग वर्कर्स के लिए उठाए मुद्दे पर मिली बड़ी जीत

Toyota पहले ही साफ कर चुकी है कि आने वाले समय में उसका ज्यादा फोकस पेट्रोल हाइब्रिड टेक्नोलॉजी पर रहेगा। इसका सबसे बड़ा उदाहरण Innova Hycross है। CAFE नियमों के तहत एक स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड गाड़ी को नियमों की गणना में दो गाड़ियों के बराबर माना जाता है। इससे कंपनी को अपने उत्सर्जन और माइलेज के लक्ष्य पूरे करने में काफी मदद मिलती है। इसी वजह से हाइब्रिड मॉडल्स Toyota के लिए ज्यादा फायदेमंद साबित होते हैं।

वहीं दूसरी तरफ Innova Crysta जैसी डीजल MPV कंपनी की कुल औसत फ्यूल खपत को बढ़ा देती है। इससे CAFE जैसे सख्त नियमों का पालन करना मुश्किल हो जाता है। यही कारण है कि Toyota धीरे-धीरे डीजल इंजन वाली Innova Crysta को भारतीय बाजार से हटाने की तैयारी कर रही है।

गौर करने वाली बात यह है कि जब Innova Hycross को लॉन्च किया गया था, उस समय Toyota ने कुछ समय के लिए Innova Crysta को बंद भी कर दिया था। लेकिन सेमीकंडक्टर की कमी और Hycross की लंबी वेटिंग के चलते कंपनी को Crysta को दोबारा बाजार में उतारना पड़ा। हालांकि, इस बार Crysta को सिर्फ डीजल इंजन और मैनुअल गियरबॉक्स के साथ ही पेश किया गया। ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का ऑप्शन जानबूझकर नहीं दिया गया, ताकि Innova Hycross की बिक्री पर कोई असर न पड़े।

ये भी पढ़ें: जेल से बाहर आएगा गुरमीत राम रहीम, इस बार मिली 40 दिन की पैरोल

फिलहाल Toyota के पास Innova Crysta का कोई सीधा विकल्प मौजूद नहीं है। अगर भविष्य में Crysta बंद होती है, तो यह देखना दिलचस्प होगा कि Mahindra, Tata या Hyundai जैसी कंपनियां इस खाली जगह को भरने के लिए कोई नई MPV लॉन्च करती हैं या नहीं। वहीं Toyota ने भी अपने आने वाले प्रोडक्ट्स को लेकर कोई साफ जानकारी नहीं दी है। कंपनी सिर्फ अपनी ‘मल्टी-पाथवे स्ट्रैटेजी’ की बात कर रही है, जिसमें पेट्रोल, हाइब्रिड और दूसरी टेक्नोलॉजी पर एक साथ काम करने का दावा किया जा रहा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें