नेशनल डेस्कः भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) द्वारा साल 2023 में सर्कुलेशन से बाहर किए गए 2 हजार रुपये के गुलाबी नोटों की शत-प्रतिशत वापसी अब तक नहीं हो सकी है। 31 दिसंबर 2025 तक के ताज़ा आंकड़ों के मुताबिक, अभी भी 5,669 करोड़ रुपये मूल्य के 2 हजार के नोट लोगों के पास मौजूद हैं। हालांकि RBI ने नोट वापसी की सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई हुई हैं, लेकिन इसके बावजूद इनकी वापसी की रफ्तार अब काफी धीमी पड़ गई है।
अब तक 98.41% नोट लौटे
RBI ने बताया कि 19 मई 2023 को जब 2 हजार रुपये के नोटों को सर्कुलेशन से बाहर किया गया था, तब बाजार में कुल 3.56 लाख करोड़ रुपये मूल्य के ये नोट मौजूद थे। 31 दिसंबर 2025 तक इनमें से 98.41% नोट वापस आ चुके हैं, लेकिन अभी भी हजारों करोड़ रुपये के नोट लोगों के पास बने हुए हैं।
दो महीनों में सिर्फ 148 करोड़ की वापसी
शुरुआती महीनों में 2 हजार रुपये के नोटों की वापसी की रफ्तार काफी तेज थी, लेकिन अब यह लगभग थम सी गई है। आंकड़ों के अनुसार, 31 अक्टूबर 2025 को बाजार में 5,817 करोड़ रुपये के नोट थे। 31 दिसंबर 2025 तक यह घटकर 5,669 करोड़ रुपये रह गए। यानी दो महीनों में सिर्फ 148 करोड़ रुपये के नोट ही वापस आए। RBI पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि पूरी तरह वापस होने तक 2 हजार रुपये के नोट लीगल टेंडर बने रहेंगे।
क्यों बंद किए गए थे 2 हजार रुपये के नोट?
2 हजार रुपये के नोट नवंबर 2016 में नोटबंदी के दौरान पेश किए गए थे, जब 500 और 1 हजार रुपये के पुराने नोट बंद कर दिए गए थे। बाद में अन्य मूल्यवर्ग के नोटों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित होने के बाद RBI ने क्लीन नोट पॉलिसी (Clean Note Policy) के तहत 19 मई 2023 को इन्हें सर्कुलेशन से हटाने का फैसला लिया।
अभी भी कहां बदल सकते हैं 2 हजार के नोट?
RBI ने 7 अक्टूबर 2023 तक सभी बैंकों की शाखाओं में 2 हजार रुपये के नोट बदलने की सुविधा दी थी। इसके बाद यह सुविधा केवल RBI के कार्यालयों तक सीमित कर दी गई। फिलहाल देश के 19 RBI कार्यालयों में 2 हजार रुपये के नोट बदले जा सकते हैं। इनमें अहमदाबाद, बेंगलुरु, बेलापुर, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, चेन्नई, गुवाहाटी, हैदराबाद, जयपुर, जम्मू, कानपुर, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, नागपुर, नई दिल्ली, पटना और तिरुवनंतपुरम शामिल हैं। इसके अलावा, लोगों की सुविधा के लिए इंडिया पोस्ट (India Post) के माध्यम से डाकघर से भी 2 हजार रुपये के नोट RBI को भेजने की व्यवस्था जारी है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...