Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर मोटे मुनाफे का लालच देकर 30.80 लाख रुपए ठगे, 2 आरोपी गिरफ्तार

January 5, 2026

ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर मोटे मुनाफे का लालच देकर 30.80 लाख रुपए ठगे, 2 आरोपी गिरफ्तार

रेवाड़ी: साइबर थाना रेवाड़ी पुलिस ने महिला को ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर मोटे मुनाफे का लालच देकर 30.80 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गुजरात के जिला सबरकाटा गांव नवावास चौपड़ निवासी डाबी खाटूसिंह प्रधान सिंह व गुजरात के जिला महसाना गांव ठाकोरवास छबलिया निवासी ठाकुर जसवंतजी प्रहलादजी के रूप में हुई है। जांचकर्ता ने बताया की बीएमजी सिटी रेवाड़ी निवासी चंद्रप्रभा ने अपनी शिकायत में बताया था कि गत वर्ष 15 अप्रैल को उसके पास व्हाट्स एप पर कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने अपना नाम एलेक्स बताते हुए ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया था।

उसने कॉल करने वाले को बताया कि उसके पास इन्वेस्ट करने के पैसा नहीं है। उसने कहा कि वह उसके डीलर से बात करते हुए बिना पैसा लगाए ही 20 फीसदी तक मुनाफा कमा सकती है। उसके हां करने के बाद पांच ट्रेड कराते हुए उसके खाते में 1800 रुपये डाल दिए गए। बाद में ब्रोकर बताने वाले बाबथ नामक व्यक्ति ने उसे बताया कि उसके अकाउंट में 8 लाख रुपये का लॉस हुआ है। उसके आदमी घर पर आकर पैसे की वसूली करेंगे। उसे घर से उठवाने और उसका घर बेचने तक की धमकी दी गई। इन लोगों ने उससे हस्ताक्षर व आईडी पहले ही व्हाट्स एप पर मंगवा लिए थे, इसलिए वह बुरी तरह घबरा गई। उसके पास धमकी भरे मैसेज भेजे गए। डर के मारे उसने बताए गए नंबरों पर 5 मई से 17 जून 2025 तक 30 लाख 79 हजार 993/- रुपये ट्रांसफर कर दिए।

जिस पर पुलिस ने साइबर थाना रेवाड़ी में ठगी का मामला दर्ज करके जांच शुरू की थी। जो जांच के बाद पुलिस ने रविवार को मामले में संलिप्त दो आरोपी गुजरात के जिला सबरकाटा गांव नवावास चौपड़ निवासी डाबी खाटूसिंह प्रधान सिंह व गुजरात के जिला महसाना गांव ठाकोरवास छबलिया निवासी ठाकुर जसवंतजी प्रहलादजी को गिरफ्तार किया है। आरोपी डाबी खाटूसिंह प्रधान सिंह के खाते में ठगी के 95 हजार रुपये ट्रांसफर हुए थे, जबकि ठाकुर जसवंतजी प्रहलादजी ने उसका खाता साइबर ठगों को मुहैया कराने में मध्यस्थ की भूमिका निभाई थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को पेश अदालत करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस द्वारा इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी भी जल्द की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें