Today’s Weather 7 Jan 2026: देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि आने वाले 5 से 7 दिन कई राज्यों के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो सकते हैं। उत्तर और पूर्व भारत में ठंड, कोहरे और शीतलहर का असर बढ़ेगा, जबकि दक्षिण भारत में बारिश का एक नया दौर शुरू होने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ेगी ठिठुरन
उत्तर भारत में ठंड और तेज होने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। दिल्ली और आसपास के इलाकों में सर्द हवाओं के कारण ठंड और ज्यादा महसूस होगी। हालांकि मध्य और पूर्वी भारत में फिलहाल तापमान स्थिर रह सकता है, लेकिन इसके बाद हल्की बढ़ोतरी के संकेत हैं। महाराष्ट्र और गुजरात में भी धीरे-धीरे तापमान बढ़ने की संभावना जताई गई है।
उत्तर भारत में कोहरे का कहर
उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत के बड़े हिस्से अगले कई दिनों तक कोहरे की चपेट में रहेंगे। सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाने की आशंका है। खासकर पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में दृश्यता बेहद कम हो सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने का खतरा है।
यूपी-बिहार में कोल्ड डे, कई राज्यों में शीतलहर
7 जनवरी को उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, बिहार और उत्तर प्रदेश में ‘कोल्ड डे’ जैसी स्थिति बन सकती है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी 8 जनवरी तक ठंडे दिन रहने के आसार हैं। शीतलहर की बात करें तो पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और ओडिशा में 7 से 9 जनवरी के बीच सर्दी का प्रकोप और बढ़ेगा। राजस्थान में 8 से 11 जनवरी तक ठंड तेज रहने की संभावना है, जबकि मध्य प्रदेश, विदर्भ, झारखंड और छत्तीसगढ़ में भी सर्द हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं।
Watch Video- एनसी टाउन अध्यक्ष मुश्ताक खान जन समस्याओं के लिए दौरे पर
पहाड़ी राज्यों में पाला और कोहरा
उत्तराखंड के कुछ इलाकों में 7 जनवरी को जमीन पर पाला पड़ने की आशंका है। वहीं जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश समेत बिहार, असम, मेघालय और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में अलग-अलग दिनों में कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है।
दक्षिण भारत में फिर बरसेंगे बादल
जहां उत्तर भारत ठंड से जूझेगा, वहीं दक्षिण भारत में बारिश लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकती है। तमिलनाडु और केरल में 9 से 11 जनवरी के बीच हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है। खासतौर पर तमिलनाडु में 9 और 10 जनवरी को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। केरल और माहे में भी 10 जनवरी को तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...