Last Updated: November 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

पुलिस कमिश्नर ने चाइना डोर से लोगों को बचाने के लिए टू-व्हीलरों पर सेफ्टी एंगल लगाए

January 10, 2026

पुलिस कमिश्नर ने चाइना डोर से लोगों को बचाने के लिए टू-व्हीलरों पर सेफ्टी एंगल लगाए

अमृतसर: ड्रैगन डोर से लोगों को बचाने के लिए पुलिस कमिश्नर अमृतसर गुरप्रीत सिंह अपनी टीम के साथ सड़कों पर उतर आए हैं। शहर की समाज सेवी संस्थाओं के सहयोग से लोगों को जागरूक किया और दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए उनके वाहनों के आगे लोहे के एंगल लगाने की शुरुआत की। पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर शुक्रवार की शाम को माल रोड पर नॉवल्टी चौक में पहुंचे जहां पर समाजसेवी संगठनों द्वारा चाइना डोर के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया।

उन्होंने एनजीओ की मदद से नॉवल्टी चौक पर टू-व्हीलर गाड़ियों पर सेफ्टी एंगल लगाए, ताकि लोगों को चाइना डोर से बचाया जा सके और उनकी सेफ्टी हो सके। उन्होंने कहा कि सिंथेटिक डोर (चाइना डोर) पर पूरी तरह से बैन लगा दिया गया है। पतंग उड़ाने के लिए जो डोर इस्तेमाल हो रही है, वह कॉटन की डोर के बजाय सिंथेटिक डोर है और यह सिंथेटिक डोर बहुत मजबूत होती है, इसलिए न तो जलती है और न ही टूटती है। यह सिंथेटिक डोर पतंग उड़ाने वालों के हाथ और उंगलियां काट देती है और इससे टू-व्हीलर सवारों व पैदल चलने वालों की गर्दन और कान कटने के एक्सीडैंट होते हैं।

इसके अलावा, यह पक्षियों के लिए भी बहुत जानलेवा है। इन बातों को ध्यान में रखते हुए, पतंग के लिए सिंथेटिक (प्लास्टिक) डोर का इस्तेमाल करने वालों, इसे बेचने वालों और इसे स्टोर करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसा कभी नहीं करना चाहिए कि किसी की थोड़ी देर की खुशी और मनोरंजन किसी इंसान और जानवर व पक्षी की जान के लिए खतरा बन जाए और ऐसे लोग अपने ही रास्ते में गड्ढा खोद लें, ऐसा करने से जान भी जा सकती है।

उन्होंने कहा कि समाज के प्रति समझदार बनें और खुद को और अपने बच्चों को इस खूनी डोर से दूर रखें और हमेशा पारंपरिक डोर से ही पतंग उड़ाएं। उन्होंने कहा कि पिछले साल कमिश्नरेट पुलिस ने चाइना डोर के खिलाफ काम करते हुए 24 मामलों में 28 लोगों को गिरफ्तार किया और चाइना डोर के 4276 गट्टू जब्त किए। इस दौरान पुलिस अधिकारी जगजीत सिंह वालिया, ऋषभ भोला, अमनदीप कौर, ट्रैफिक स्टाफ और एनजीओ जस्ट सेवा सोसायटी के सदस्य मौजूद थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें