Last Updated: October 2, 2026

Dainik Savera Times Logo

Himachal News: कुल्लू के गड़सा में पैराग्लाइडिंग हादसा, लैंडिंग के दौरान पेड़ से टकराया ग्लाइडर, पायलट घायल

January 11, 2026

Himachal News: कुल्लू के गड़सा में पैराग्लाइडिंग हादसा, लैंडिंग के दौरान पेड़ से टकराया ग्लाइडर, पायलट घायल

हिमाचल डेस्कः प्रदेश के जिला कुल्लू की गड़सा पैराग्लाइडिंग साइट पर रविवार को एक बार फिर हादसा हो गया। लैंडिंग के दौरान पैराग्लाइडर निर्धारित स्थल से कुछ दूरी पर खेत में स्थित एक पेड़ से टकरा गया, जिससे ग्लाइडर अनियंत्रित हो गया। इस दुर्घटना में पायलट को चोटें आई हैं, जबकि पर्यटक पूरी तरह सुरक्षित है।

हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना में पैराग्लाइडर पायलट नीरज, निवासी गड़सा तहसील भुंतर, घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद करते हुए घायल पायलट को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

पायलट की हालत स्थिर, पर्यटक सुरक्षित

चिकित्सकों के अनुसार पायलट को आई चोटें गंभीर नहीं हैं और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। समय रहते राहत कार्य होने से किसी बड़े नुकसान से बचाव हो सका। हादसे के समय पायलट के साथ उड़ान भर रहा पर्यटक पूरी तरह सुरक्षित है और उसे किसी प्रकार की चोट नहीं आई है।

पुलिस ने लिया संज्ञान

घटना की सूचना मिलते ही थाना भुंतर पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा मौसम की वजह से हुआ, तकनीकी खराबी के कारण या लैंडिंग में हुई चूक से। घटना के बाद पैराग्लाइडिंग गतिविधियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय स्तर पर भी सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन ने भविष्य में ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा दिशा-निर्देशों के सख्ती से पालन की बात कही है।

28 दिसंबर को भी हो चुका है हादसा

गौरतलब है कि गड़सा पैराग्लाइडिंग साइट पर 28 दिसंबर को भी एक गंभीर हादसा हुआ था। उस दौरान एक पर्यटक करीब 70 फीट ऊंचाई से गिर गया था। महाराष्ट्र निवासी पर्यटक को उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया था। इससे पहले भी इस साइट पर हादसे सामने आ चुके हैं।

क्या कहते हैं जिला पर्यटन अधिकारी

जिला पर्यटन अधिकारी कुल्लू डॉ. रोहित शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। यदि किसी प्रकार की लापरवाही पाई जाती है तो नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें