Last Updated: October 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

Jammu Kashmir: नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी, दो लोगों पर FIR दर्ज

January 11, 2026

जम्मू कश्मीर डेस्कः क्राइम ब्रांच जम्मू की स्पेशल क्राइम विंग ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो लोगों से लाखों रुपये ठगने के आरोप में मामला दर्ज किया है। आरोपी की पहचान मोहम्मद ताहिर, निवासी वार्ड नंबर 7, बनोला, जिला पुंछ के रूप में हुई है। उसके खिलाफ करीब चार लाख रुपये की ठगी करने का आरोप है।

स्पेशल क्राइम विंग के एसएसपी संजय परिहार ने बताया कि यह मामला दो अलग-अलग लिखित शिकायतों के आधार पर दर्ज किया गया है। पहली शिकायत में शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी आरोपी से जम्मू से रुड़की के बीच ट्रेन यात्रा के दौरान पहचान हुई थी। बाद में आरोपी ने उसे जम्मू-कश्मीर हाईकोर्ट में सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया और इसके नाम पर 2 लाख रुपये लिए। आरोपी ने हाईकोर्ट के नाम पर एक नियुक्ति आदेश भी सौंपा, जो जांच में फर्जी और जाली पाया गया।

दूसरी शिकायत में बताया गया कि आरोपी पहले से ही शिकायतकर्ता को जानता था। उसने अपनी पत्नी के इलाज के नाम पर दो लाख रुपये लिए और बाद में शिकायतकर्ता के बेटे को हाईकोर्ट में नौकरी दिलाने का वादा कर उसके कागजात भी ले लिए। इस मामले में भी सौंपे गए नियुक्ति आदेश को जाली पाया गया।

शिकायतें मिलने के बाद इंस्पेक्टर दीपक भारती ने प्रारंभिक जांच में आरोपों को सही पाया। इस पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच डीएसपी जावेद इकबाल तबस्सुम को सौंपी गई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें