Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

Himachal Accident: मंडी में निजी बस हादसा, बुजुर्ग महिला की मौत, बच्चा सहित पांच घायल

January 12, 2026

Himachal Accident: मंडी में निजी बस हादसा, बुजुर्ग महिला की मौत, बच्चा सहित पांच घायल

हिमाचल डेस्कः प्रदेश के मंडी जिले में सोमवार सुबह एक निजी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि एक बच्चे सहित पांच यात्री घायल हो गए। हादसा निहरी पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत चरखड़ी गांव के पास उस समय हुआ, जब बस सड़क किनारे खड़ी थी।

जानकारी के अनुसार, चालक ने बस को स्टार्ट हालत में सड़क किनारे खड़ा कर दिया था और वह परिचालक के साथ चाय पीने चला गया। इसी दौरान बस अचानक आगे की ओर चल पड़ी और ढलान पर तेजी से फिसलते हुए सड़क से नीचे लुढ़क गई। बस नीचे स्थित दूसरी सड़क पर जा गिरी। हादसे के समय बस में कुल पांच यात्री सवार थे। बस गिरते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

ये भी देखें :- B.A. Naik के बीजेपी शामिल होने पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष से बातचीत

ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा, घायलों को पहुंचाया अस्पताल

हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को बस से बाहर निकालकर पुलिस और आपातकालीन सेवाओं को सूचना दी गई। 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि घायलों में से दो की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि दो यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। एक बुजुर्ग महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई।

लापरवाही की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर भेज दी गई थी। प्रारंभिक जांच में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है, हालांकि प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और तकनीकी जांच के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

हादसे पर नेताओं ने जताया शोक

इस हादसे पर प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं सुंदरनगर विधायक राकेश जम्वाल ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने मृतक महिला के परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

वहीं, पांगणा क्षेत्र के चरखड़ी गांव के समीप हुई इस दुर्घटना पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सांसद कंगना रनौत, जगत प्रकाश नड्डा और सांसद अनुराग ठाकुर ने भी शोक व्यक्त किया है। नेताओं ने जिला प्रशासन से घायलों को त्वरित और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।

ये भी पढ़ें :- Himachal Weather: हिमाचल में सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ, तीन दिन बारिश-बर्फबारी के आसार

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें