Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

इंदौर में चाइनीज डोर का कहर, एक ही दिन में तीन लोगों की कटी गर्दन

January 14, 2026

इंदौर में चाइनीज डोर का कहर, एक ही दिन में तीन लोगों की कटी गर्दन

नेशनल डेस्क: इंदौर शहर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के कारण लगातार हादसे सामने आ रहे हैं। बुधवार को अलग-अलग इलाकों में हुए तीन हादसों में तीन लोग इस खतरनाक मांझे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों की गर्दन पर गहरे जख्म आए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पहली घटना तीन इमली ब्रिज की है। यहां मोटरसाइकिल से घर लौट रहे हेमराज रविंद्र चौरसिया का गला अचानक पतंग के चाइनीज मांझे से कट गया। हादसे के बाद हेमराज को गंभीर हालत में एमवाय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि उनका ऑपरेशन किया जाएगा। हेमराज चंदन नगर के रहने वाले हैं और एक पेट्रोल पंप पर काम करते हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वे आईटी पार्क की ओर से तीन इमली ब्रिज जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।

ये भी पढ़ें: Jammu Kashmir: कठुआ में सुरक्षा बलों ने किया तलाशी अभियान तेज, आतंकियों की मिली थी मौजूदगी

दूसरी घटना परदेशीपुरा इलाके में हुई। यहां नंदानगर निवासी महेश सोनी की गर्दन भी चाइनीज मांझे से कट गई। उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार, समय पर इलाज मिलने से उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।

तीसरी घटना जूनी इंदौर ब्रिज पर सामने आई। यहां दूध का व्यवसाय करने वाले प्रेम भंडारी चाइनीज मांझे की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी गर्दन बुरी तरह जख्मी हो गई और उन्हें आठ टांके लगाने पड़े। फिलहाल वे खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।

तीन इमली ब्रिज पर हुए हादसे की सूचना मिलते ही एडिशनल पुलिस कमिश्नर अमित सिंह सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एमवाय अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायल हेमराज से मुलाकात कर उनकी हालत की जानकारी ली और मामले की जांच के निर्देश दिए।

पुलिस ने चाइनीज मांझे के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। लोगों से अपील की गई है कि यदि कहीं भी चाइनीज मांझे की बिक्री या इस्तेमाल की जानकारी मिले तो तुरंत हेल्पलाइन नंबर 7049108283 पर सूचना दें। पुलिस ने बताया कि अब तक चाइनीज मांझे के साथ तीन आरोपियों को पकड़ा गया है। पूछताछ में काछी मोहल्ला और मेवाती मोहल्ला में सक्रिय तस्करों के नाम सामने आए हैं। इनमें से रिजवान और जावेद को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस का कहना है कि चाइनीज मांझा न केवल गैरकानूनी है, बल्कि लोगों की जान के लिए बेहद खतरनाक है। इसके खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।

ये भी पढ़ें: ‘उद्धव ठाकरे से कभी गठबंधन नहीं, अपने दम पर जीतेगी महायुति’, देवेंद्र फडणवीस का साफ संदेश

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें