पंजाब डेस्क: आज का दिन बेहद खास है। बता दें कि आज अमृतसर में एक ओर देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के स्वर्ण जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी, वहीं दूसरी ओर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान श्री अकाल तख्त साहिब में जत्थेदार के समक्ष अपनी सफाई पेश करेंगे।
राष्ट्रपति मुर्मू का यह दौरा शैक्षणिक और सामाजिक दृष्टि से खास माना जा रहा है। गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी के 50 वर्ष पूरे होने पर आयोजित समारोह में उनकी मौजूदगी से कार्यक्रम की गरिमा और बढ़ गई है। इसे लेकर यूनिवर्सिटी परिसर में व्यापक तैयारियां की गई हैं।
इसी दिन मुख्यमंत्री भगवंत मान का अकाल तख्त साहिब में पेश होना भी चर्चा का विषय बना हुआ है। जत्थेदार गरगज्ज सिंह की ओर से बुलाए जाने के बाद सीएम मान ने स्पष्ट किया है कि वह किसी संवैधानिक पद पर नहीं, बल्कि एक साधारण सिख के रूप में तख्त साहिब में हाजिर होकर अपना पक्ष रखेंगे। उन्होंने यह भी साफ किया कि वह राष्ट्रपति के कार्यक्रम में शामिल नहीं होंगे।
सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतज़ाम
दोनों बड़े कार्यक्रमों को देखते हुए अमृतसर में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई है। शहर के प्रमुख मार्गों, गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी, श्री हरमंदिर साहिब और अकाल तख्त साहिब के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन की ओर से हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
सीएम मान के रुख पर टिकी निगाहें
हालांकि अकाल तख्त साहिब के सचिवालय ने राष्ट्रपति के दौरे को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री को शाम का समय सुझाया था, लेकिन भगवंत मान ने दो टूक कहा है कि वह तय कार्यक्रम के अनुसार सुबह ही पेश होंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि समय बदलने का कोई अनुरोध उनकी ओर से नहीं किया गया था।
आज का दिन अमृतसर के लिए न केवल प्रशासनिक और सुरक्षा लिहाज़ से अहम है, बल्कि राजनीतिक और धार्मिक दृष्टि से भी बेहद संवेदनशील माना जा रहा है। सभी की निगाहें अब अकाल तख्त साहिब में होने वाली कार्यवाही और मुख्यमंत्री मान की सफाई पर टिकी हुई हैं।
मेष: दिन शुभ रहेगा...