Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

रांची के रिम्स अस्पताल में डॉक्टरों ने किया चमत्कार, निकाली युवक के सिर में फंसी गोली

January 16, 2026

रांची के रिम्स अस्पताल में डॉक्टरों ने किया चमत्कार, निकाली युवक के सिर में फंसी गोली

नेशनल डेस्क: रांची के रिम्स (RIMS) अस्पताल से चिकित्सा जगत की एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जहां डॉक्टरों की टीम ने एक ऐसे युवक की जान बचाई, जिसके सिर में गोली फंसी हुई थी। जटिल ऑपरेशन के बाद युवक को नई जिंदगी मिली है।

20 वर्षीय गोपाल ने मौत को दी मात

झारखंड के चतरा जिले के रहने वाले 20 साल के गोपाल कुमार गंझू के लिए 29 दिसंबर की रात बेहद भयावह साबित हुई। कुछ बदमाश उनके घर में घुस आए और उन पर गोली चला दी। गोली गोपाल के गाल को चीरते हुए सिर के पिछले हिस्से में जाकर फंस गई। हालत बेहद गंभीर थी, लेकिन इसके बावजूद गोपाल होश में थे और बोल भी पा रहे थे। परिजन बिना समय गंवाए गोपाल को लेकर तुरंत रांची के रिम्स अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों के लिए भी यह हैरानी की बात थी कि सिर में गोली होने के बावजूद मरीज पूरी तरह सचेत था।

ये भी पढ़ें: Petrol Diesel Price: सस्ता हुआ पेट्रोल-डीजल! टंकी फुल कराने से पहले जान लें आज के नए दाम

6 घंटे चला जोखिम भरा ऑपरेशन

अस्पताल पहुंचते ही न्यूरोसर्जरी विभाग की टीम सक्रिय हो गई। सीटी स्कैन और अन्य जांचों में पता चला कि गोली दिमाग के बेहद संवेदनशील हिस्से के पास फंसी हुई है। डॉक्टरों ने बताया कि थोड़ी सी भी देरी या गलती जान के लिए खतरा बन सकती थी। 30 दिसंबर को न्यूरोसर्जन डॉ. आनंद प्रकाश के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने ऑपरेशन शुरू किया। यह सर्जरी बेहद मुश्किल थी, क्योंकि दिमाग की नसों को नुकसान पहुंचने का खतरा लगातार बना हुआ था। करीब 6 घंटे तक चले इस जटिल ऑपरेशन के बाद डॉक्टरों ने सुरक्षित तरीके से गोली बाहर निकाल ली।

ऑपरेशन के बाद तेजी से सुधार

सर्जरी के अगले ही दिन गोपाल की हालत में तेजी से सुधार देखने को मिला। वह पूरी तरह होश में आ गए, खुद से खाना खाने लगे और अपने परिवार से बातचीत भी करने लगे। डॉक्टरों का कहना है कि सिर में गोली लगने के बाद मरीज का इस तरह बच जाना और इतनी जल्दी रिकवरी होना बेहद दुर्लभ है। हालांकि गोली लगने की वजह से गोपाल को फिलहाल थोड़ा धुंधला दिखाई दे रहा है, लेकिन डॉक्टरों को उम्मीद है कि सही इलाज और देखभाल से उनकी आंखों की रोशनी भी पूरी तरह ठीक हो जाएगी।

परिजनों ने जताया डॉक्टरों का आभार

गोपाल के परिजनों ने रिम्स के डॉक्टरों को भगवान का रूप बताते हुए उनका धन्यवाद किया है। उनके मुताबिक, डॉक्टरों की मेहनत और समर्पण की वजह से आज उनका बेटा जिंदा है। यह सफल ऑपरेशन रिम्स अस्पताल के डॉक्टरों की विशेषज्ञता और मानवता का एक बेहतरीन उदाहरण है, जिसने एक परिवार को दोबारा खुशियां लौटा दीं।

ये भी पढ़ें: दिल्ली कॉन्सर्ट से वायरल हुए ‘अश्लील’ वीडियो पर हनी सिंह ने मांगी माफी, कहा-ऐसी गलती दोबारा नहीं होगी, जुबान पर…

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें