Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

खन्ना पुलिस ने नशा तस्करी पर कसा शिकंजा, इलाके में चलाया बड़ा सर्च ऑपरेशन

January 17, 2026

खन्ना पुलिस ने नशा तस्करी पर कसा शिकंजा, इलाके में चलाया बड़ा सर्च ऑपरेशन

पंजाब डेस्क (संजय) : खन्ना पुलिस ने “युद्ध नशों विरुद्ध” अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई को और तेज कर दिया है। इसी क्रम में शनिवार सुबह नशा तस्करी के लिए बदनाम करतार नगर इलाके में बड़े पैमाने पर कार्डन एंड सर्च ऑपरेशन (कासो) चलाया गया। इस कार्रवाई में 100 से ज्यादा पुलिसकर्मियों ने एक साथ इलाके को चारों ओर से घेरकर सघन तलाशी अभियान चलाया।

पुलिस ने कई संदिग्ध घरों की ली तलाशी 

इस विशेष ऑपरेशन का नेतृत्व एसपी पवनजीत चौधरी ने किया। उनके साथ पुलिस जिला खन्ना के विभिन्न थानों और शाखाओं से आई पुलिस टीमें मौके पर तैनात रहीं। सुबह-सुबह शुरू हुए इस अभियान के दौरान पुलिस ने कई संदिग्ध घरों की तलाशी ली, वहीं इलाके में मौजूद संदिग्ध व्यक्तियों से भी गहन पूछताछ की गई।

khanna Police
khanna Police

पुलिस कार्रवाई के दौरान 7 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है। इन सभी से नशा तस्करी, सप्लाई नेटवर्क और अन्य तस्करों से जुड़े संपर्कों को लेकर पूछताछ जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर आगे और भी अहम खुलासे होने की संभावना है।

इलाके में चलाया बड़ा सर्च ऑपरेशन

मीडिया से बातचीत में एसपी पवनजीत चौधरी ने कहा कि खन्ना को नशा मुक्त बनाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि “युद्ध नशों विरुद्ध” अभियान के तहत ऐसी कार्रवाइयां भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगी। उन्होंने बताया कि पुलिस न केवल बड़े नशा तस्करों पर, बल्कि उन छोटे तस्करों पर भी कार्रवाई कर रही है जो खुद नशे के आदी होकर युवाओं को इस दलदल में धकेल रहे हैं।

Punjab Police
Punjab Police

उन्होंने यह भी बताया कि करतार नगर इलाके में पहले भी नशा तस्करी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा चुकी है। पूर्व में एक बड़े नशा तस्कर का मकान गिराया गया था और कई नामी तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। अब पुलिस की रणनीति है कि नशे की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए छोटे स्तर पर सक्रिय तस्करों को भी किसी कीमत पर छोड़ा न जाए।

पुलिस प्रशासन ने आम जनता से की अपील 

पुलिस की इस कार्रवाई को स्थानीय लोगों ने सराहा है और उम्मीद जताई है कि लगातार हो रही सख्ती से इलाके में नशा तस्करी पर प्रभावी रोक लगेगी। वहीं पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि खन्ना को नशा मुक्त बनाने के अभियान को और मजबूती मिल सके।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें