नई दिल्ली: वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भारत यात्रा पर आए कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के प्रधानमंत्री डेविड एबे के साथ बैठक में भारत-कनाडा आर्थिक साझेदारी मजबूत करने पर चर्चा की और बातचीत को फलदायक बताया। गोयल ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट में कहा कि एबे के साथ मुलाकात में चर्चा भारत-कनाडा आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने, व्यापार और निवेश सहयोग को आगे बढ़ाने और महत्वपूर्ण खनिज, विनिर्माण, स्वच्छ ऊर्जा, टैक्नोलॉजी, शिक्षा, रक्षा और इनोवेशन जैसे क्षेत्रों में सहयोग तलाशने पर केंद्रित थी।
वाणिज्य मंत्री ने कहा, हमने नए अवसर खोलने और दोनों देशों के बीच संबंधों को गहरा करने के लिए लगातार जुड़ाव के महत्व की पुष्टि की। एबे व्यापार मिशन के साथ भारत आए हैं। उन्होंने कहा कि भारत के साथ संबंधों में मजबूती से कनाडा और ब्रिटिश कोलंबिया के लोगों को फायदा ही फायदा होगा। उन्होंने कहा कि अमरीकी व्यापार युद्ध के बीच ब्रिटिश कोलंबिया के लोगों के जीवन स्तर में गिरावट न आए, यह सुनिश्चित करने के लिए नए व्यापार भागीदार ढूंढना महत्वपूर्ण है। उनके साथ प्रांत का एक प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है जिसमें रोजगार और आर्थिक विकास मंत्री रवि काहलों भी शामिल हैं।