
मुंबई: महाराष्ट्र के नगर निकाय चुनावों में भाजपा 2,869 सीटों में से 1,425 सीटें जीतकर मुंबई और पुणो सहित 12 से अधिक महानगरपालिकाओं में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी तथा उसने ठाकरे और पवार परिवारों के गढ़़ों में सेंध लगाई। भारतीय जनता पार्टी ने 227 सदस्यीय बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) में 89 सीटें जीतकर देश के सबसे धनी नगर निकाय में ठाकरे परिवार का 30 वर्ष पुराना वर्चस्व समाप्त कर दिया।
भाजपा के सहयोगी दल शिवसेना ने बीएमसी में 29 सीटें अपने नाम कीं जबकि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उबाठा) को 65 और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) को छह सीटें मिलीं। वंचित बहुजन आघाडी (वीबीए) के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस को 24 सीटें, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) को 8, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) को 3, समाजवादी पार्टी को 2 और राकांपा (शप) को सिर्फ 1 सीट मिली।
भाजपा नवी मुंबई में 65, कल्याण-डोंबिवली में 50, मीरा-भायंदर में 78, नासिक में 72, पनवेल में 55, पुणो में 119, पिपरी- चिंचवड़ में 84, सोलापुर में 87, छत्रपति संभाजीनगर में 57, नांदेड़ में 45 और नागपुर में 102 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। पुणो में भाजपा ने पवार परिवार को चौंकाते हुए 119 सीटें जीती, जबकि अजित पवार के नेतृत्व वाली राकांपा 27 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर रही और उसकी सहयोगी राकांपा (शप) को 3 सीटें मिलीं। कांग्रेस को 15 सीटें ही मिल पाईं।
नागपुर में 151 सदस्यीय महानगरपालिका में भाजपा का दबदबा रहा और उसे 102 सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस को मात्र 34 सीटें ही प्राप्त हुईं। नासिक में भाजपा को 72 सीटें, शिवसेना को 26, शिवसेना (उबाठा) को 15, कांग्रेस को 3 और राकांपा को 4 सीटें मिली। अंतिम मतगणना के अनुसार, 29 महानगरपालिकाओं में कुल 2,869 सीटों में से भाजपा ने 1,425 सीटें, शिवसेना ने 399, कांग्रेस ने 324, राकांपा ने 167, शिवसेना (उबाठा) ने 155, राकांपा (शप) ने 36, मनसे ने 13, बसपा ने 6, एसईसी से पंजीकृत पार्टयिों ने 129, गैर-मान्यता प्राप्त दलों ने 196 और 19 निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की।