Last Updated: September 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

चीन और कनाडा को चार क्षेत्रों में अच्छे साझेदार बनना होगा

January 18, 2026

चीन और कनाडा को चार क्षेत्रों में अच्छे साझेदार बनना होगा

“चीन और कनाडा के बीच आर्थिक सहयोग का एक नया द्वार खुलने वाला है,” “चीन और कनाडा एक नए प्रकार की रणनीतिक साझेदारी बनाने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं जिससे दोनों देशों और दुनिया को लाभ होगा”… अंतरराष्ट्रीय मीडिया ने 14 से 17 जनवरी तक कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी की चीन यात्रा की सकारात्मक समीक्षा की।

यह आठ वर्षों में किसी कनाडाई प्रधानमंत्री की पहली चीन यात्रा है। इस यात्रा के दौरान, चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने प्रधानमंत्री कार्नी से मुलाकात की और इस बात पर जोर दिया कि दोनों पक्षों को आपसी सम्मान के साझेदार, साझा विकास के साझेदार, आपसी विश्वास के साझेदार और आपसी सहयोग के साझेदार होना चाहिए, जिससे द्विपक्षीय संबंधों के लिए नए अवसर खोलने हेतु रणनीतिक मार्गदर्शन प्राप्त हो सके। 

साथ ही, चीन और कनाडा के नेताओं के बीच हुई बैठक पर दोनों पक्षों ने एक संयुक्त बयान जारी किया, जिसमें दोनों देशों के बीच नए प्रकार की रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने, मैक्रो अर्थशास्त्र, व्यापार और अर्थव्यवस्था, ऊर्जा, वित्त और मानविकी आदान-प्रदान के क्षेत्रों में उपलब्धियों को बढ़ावा देने पर सहमति व्यक्त की गई और 8 विशिष्ट सहयोग दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए गए, जिनसे चीन-कनाडा संबंधों की सकारात्मक गति को मजबूती मिली।

अतीत को देखें तो, 1970 में चीन और कनाडा के बीच राजनयिक संबंध स्थापित होने के बाद से, द्विपक्षीय संबंध पश्चिमी देशों के साथ चीन के संबंधों में हमेशा से अग्रणी रहे हैं। हालांकि, हाल के वर्षों में, तत्कालीन कनाडाई सरकार की कुछ तर्कहीन कार्रवाइयों के कारण, द्विपक्षीय संबंध तनावपूर्ण हो गए। 

2025 में कनाडा के प्रधानमंत्री के रूप में कार्नी के पदभार संभालने के बाद से, नई कनाडाई सरकार ने कनाडा-चीन रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने और कनाडा-चीन संबंधों में और अधिक उपलब्धियों को बढ़ावा देने का प्रस्ताव रखा है। कार्नी की मौजूदा चीन यात्रा के दौरान, राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने “चार साझेदार” के ढांचे का प्रस्ताव रखा, जो राजनीतिक, विकासात्मक, मानविकी और बहुपक्षीय दृष्टिकोणों से चीन और कनाडा के बीच एक नए प्रकार की रणनीतिक साझेदारी के निर्माण का मार्ग प्रशस्त करता है। 

प्रधानमंत्री कार्नी ने कहा कि कनाडा चीन के साथ एक मजबूत और टिकाऊ नए प्रकार की रणनीतिक साझेदारी बनाने के लिए तैयार है, जिससे दोनों पक्षों के लोगों को अधिक लाभ मिलेगा। उन्होंने कनाडा की एक-चीन नीति भी दोहराई। संयुक्त बयान में, दोनों पक्षों ने आपसी सम्मान, समानता और पारस्परिक लाभ की भावना से चीन और कनाडा के बीच नए प्रकार की रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। 

चीन वर्तमान में कनाडा का दूसरा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। उच्च स्तरीय चीन-कनाडा आर्थिक और वित्तीय रणनीतिक वार्ता की पुनः शुरुआत, द्विपक्षीय व्यापार और निवेश का विस्तार, मंत्रिस्तरीय ऊर्जा वार्ता का शुभारंभ… कार्नी की इस चीन यात्रा के दौरान, दोनों पक्षों ने अर्थव्यवस्था, व्यापार, ऊर्जा, कृषि, वित्त आदि क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार और सुदृढ़ीकरण किया, जिससे दोनों देशों और विश्व के विकास को नई प्रेरक शक्ति मिली।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री कार्नी की चीन यात्रा के दौरान, दोनों पक्षों ने चीन-कनाडा संयुक्त सांस्कृतिक समिति को पुनः आरंभ करने का निर्णय लिया। इसका उद्देश्य संस्कृति, शिक्षा, कला, सांस्कृतिक विरासत और रचनात्मक उद्योगों में आदान-प्रदान और सहयोग को मजबूत करना तथा दोनों देशों के बीच कर्मियों के आदान-प्रदान को सुगम बनाना है। इससे चीन-कनाडा संबंधों के विकास के लिए जनमत का आधार मजबूत होगा और द्विपक्षीय संबंधों में और सुधार की दिशा में सहायक होगा।

एशिया-प्रशांत क्षेत्र और यहां तक ​​कि वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण प्रभाव रखने वाले देशों के रूप में, चीन और कनाडा दोनों ही बहुपक्षवाद और मुक्त व्यापार के समर्थक हैं, और कई अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर समान रुख साझा करते हैं।

कार्नी की इस चीन यात्रा में, चीन ने संयुक्त राष्ट्र, जी-20, एपेक आदि के ढांचे के भीतर वैश्विक चुनौतियों का संयुक्त रूप से समाधान करने के लिए कनाडा के साथ संचार और समन्वय को मजबूत करने की इच्छा व्यक्त की। वहीं, कनाडा ने राष्ट्रपति शी चिनफिंग द्वारा प्रस्तावित “वैश्विक शासन पहल” की अत्यधिक सराहना की और बहुपक्षीय मुद्दों पर चीन के साथ घनिष्ठ समन्वय स्थापित करने, बहुपक्षवाद और संयुक्त राष्ट्र के अधिकार को बनाए रखने तथा विश्व शांति एवं स्थिरता की संयुक्त रूप से रक्षा करने की तत्परता व्यक्त की। 

यह उम्मीद की जाती है कि चीन और कनाडा के बीच सहयोग से विश्व में अधिक स्थिरता आएगी और वैश्विक शासन को अधिक न्यायपूर्ण और समान दिशा में बढ़ावा मिलेगा।

(साभार- चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें