Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

बेटे का रिजल्ट लेने स्कूल गए थे, गेट से निकलते ही आया हार्ट अटैक, CCTV में कैद हुआ मौत का मंजर

January 19, 2026

बेटे का रिजल्ट लेने स्कूल गए थे, गेट से निकलते ही आया हार्ट अटैक,  CCTV में कैद हुआ मौत का मंजर

नेशनल डेस्क। असम के जोरहाट में एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आई है। जहां, पूरा दृश्य कैमरे में कैद हुआ, जिसे देखकर आंखें नम हो जाती हैं। एक पिता, जो अपने छोटे से बेटे का रिजल्ट लेने स्कूल पहुंचा था, वहीं उसकी जिंदगी थम गई। बतादें जिले में रहने वाले दीपांकर बारदोली नाम के व्यक्ति अपने बेटे का स्कूल रिजल्ट लेने गए थे, लेकिन किसी को क्या पता था कि यह उनका आखिरी दिन साबित होगा।

बेटे की पढ़ाई के लिए ली थी छुट्टी
दीपांकर बारदोली ने उस दिन अपने ऑफिस से छुट्टी ली थी, क्योंकि उन्हें अपने बेटे के स्कूल जाना था। उनका बेटा यूकेजी कक्षा में पढ़ता है और परीक्षा के बाद उसका रिजल्ट घोषित हुआ था। दीपांकर खुशी-खुशी स्कूल पहुंचे थे।

स्कूल परिसर में पड़ा दिल का दौरा
रिजल्ट लेने के बाद दीपांकर स्कूल से बाहर की ओर जा रहे थे। तभी अचानक 35 वर्षीय दीपांकर को हार्ट अटैक आ गया। वे संभलने की कोशिश करते दिखे, लेकिन कुछ ही पलों में जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

सीसीटीवी वीडियो आया सामने
इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर सामने आया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दीपांकर लड़खड़ाते हैं और गिरने से पहले किसी चीज का सहारा लेने की कोशिश करते हैं, लेकिन वे मुंह के बल जमीन पर गिर जाते हैं।

लोगों ने पहुंचाई मदद, लेकिन नहीं बच सकी जान
स्कूल में मौजूद लोग तुरंत दीपांकर की ओर दौड़े और उन्हें जल्द ही जोरघाट मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। उन्हें अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

स्कूल में मचा हड़कंप, बच्चे भी सदमे में
इस घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। कई शिक्षक और बच्चे इस अचानक हुई मौत से गहरे सदमे में हैं। किसी के लिए यह विश्वास करना मुश्किल था कि एक स्वस्थ दिखने वाला व्यक्ति अचानक इस तरह चल बसेगा।

सिंचाई विभाग में इंजीनियर थे दीपांकर
दीपांकर बारदोली असम सरकार के सिंचाई विभाग में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। उनकी पत्नी गृहिणी हैं। परिवार वालों का कहना है कि दीपांकर पूरी तरह स्वस्थ थे और उन्हें किसी भी तरह की गंभीर बीमारी नहीं थी।

युवाओं में बढ़ते हार्ट अटैक पर चिंता
इस घटना के बाद एक बार फिर युवाओं में बढ़ते हार्ट अटैक के मामलों पर सवाल खड़े हो गए हैं। हाल के दिनों में कई युवा और फिट दिखने वाले लोगों की अचानक दिल का दौरा पड़ने से मौत हो चुकी है। इससे पहले 11 जनवरी को सिंगर और एक्टर प्रशांत तमांग की नई दिल्ली में मौत हो गई थी। वहीं, वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल के बेटे अग्निवेश अग्रवाल की भी न्यूयॉर्क में हार्ट अटैक से जान चली गई थी।

आखिरकार क्यों बढ़ रहे हैं हार्ट अटैक के मामले
दीपांकर बारदोली की अचानक मौत यह सोचने पर मजबूर करती है कि आजकल कम उम्र में भी दिल से जुड़ी बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। समय रहते जागरूक होना और नियमित स्वास्थ्य जांच कराना बेहद जरूरी हो गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें