जम्मू कश्मीर डेस्कः आगामी गणतंत्र दिवस यानी 26 जनवरी समारोह को लेकर श्रीनगर पुलिस हाई अलर्ट पर है। जिले भर में कड़े और पुख्ता सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस ने मंगलवार को जिले के विभिन्न ग्रामीण इलाकों में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया।
श्रीनगर के बाहरी क्षेत्रों में चलाया तलाशी अभियान
अधिकारियों के अनुसार, यह तलाशी अभियान श्रीनगर के बाहरी क्षेत्रों टाकनवारी, करनाबल, शालबुग और बख्शीपोरा में चलाया गया। यह कार्रवाई 26 जनवरी से पहले घाटी में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से की गई है।
ये भी देखें :- डेली वेजर्स को बड़ी राहत, 2026 में होगा नियमितीकरण: जल शक्ति मंत्री जावेद राणा
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ये ऑपरेशन नियमित एरिया डोमिनेशन एक्सरसाइज का हिस्सा हैं, जिनका उद्देश्य शांति व्यवस्था बनाए रखना और गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकना है। उन्होंने कहा कि शहर के एंट्री और एग्जिट प्वाइंट्स पर जांच प्रक्रिया को और सख्त किया गया है, साथ ही पूरे श्रीनगर में अतिरिक्त सुरक्षा चौकियां भी स्थापित की गई हैं।
पुलिस ने नागरिकों से की ये अपील
इस बीच पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे चेकिंग के दौरान सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या लावारिस वस्तु की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें।
गौरतलब है कि घाटी में गणतंत्र दिवस का सबसे बड़ा समारोह श्रीनगर के बख्शी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा, जहां राज्य के उपमुख्यमंत्री द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जा सकता है और परेड की सलामी ली जाएगी। गणतंत्र दिवस को शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए घाटी में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है।
ये भी पढ़ें :- Bigg Boss Marathi Season 6: कैप्टेंसी की रेस में होगा हाई-वोल्टेज ड्रामा; Divya अकेले ही घरवालों से लड़ेंगी