Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

प्रयागराज में वायुसेना का ट्रेनी विमान क्रैश, तालाब में गिरा… रेस्क्यू ऑपरेशन जारी (Video)

January 21, 2026

प्रयागराज में वायुसेना का ट्रेनी विमान क्रैश, तालाब में गिरा… रेस्क्यू ऑपरेशन जारी (Video)

नेशनल डेस्क: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बुधवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। भारतीय वायुसेना का एक ट्रेनिंग माइक्रोलाइट विमान उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त होकर शहर के बीच स्थित एक तालाब में गिर गया। यह हादसा केपी कॉलेज के पीछे बने तालाब में हुआ, जिससे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया।

यह भी पढ़ें: ऑपरेशन सिंदूर रोकने के ट्रंप के दावे पर कांग्रेस का हमला, जयराम रमेश बोले- 70 बार कह चुके

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान जब उड़ान भर रहा था तब वह सामान्य स्थिति में था, लेकिन कुछ ही देर बाद अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद विमान तेजी से नीचे आया और तालाब में जा गिरा। हादसे के समय तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिसे सुनकर आसपास मौजूद लोग घबरा गए और तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े।

स्थानीय लोगों ने फंसे लोगों को बाहर निकाला

स्थानीय निवासी पदम सिंह ने बताया कि वह स्कूल कैंपस में मौजूद थे, तभी तेज आवाज सुनाई दी। जब वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि कुछ लोग तालाब के दलदल में फंसे हुए थे। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए तालाब में उतरकर रेस्क्यू में मदद की और फंसे लोगों को बाहर निकाला।

दोनों पायलट सुरक्षित- भारतीय वायुसेना

भारतीय वायुसेना की ओर से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, यह विमान एक रूटीन ट्रेनिंग उड़ान पर था। विमान में दो पायलट सवार थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। दोनों पायलटों को कोई गंभीर चोट नहीं आई है, जिससे प्रशासन और वायुसेना ने राहत की सांस ली है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच गए। पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है और तालाब के आसपास बैरिकेडिंग कर दी गई है। फिलहाल विमान को तालाब से बाहर निकालने का काम चल रहा है, ताकि उसकी तकनीकी जांच की जा सके।

यह भी पढ़ें:  Japan के पूर्व PM शिंजो आबे के हत्याकांड पर कोर्ट ने सुनाया फैसला, आरोपी को हुई उम्रकैद

वायुसेना टीम हादसे के कारणों की जांच कर रही

वायुसेना और प्रशासन की संयुक्त टीम इस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी या संतुलन बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक कारण जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगा। अधिकारियों का कहना है कि इस हादसे के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें