हिमाचल डेस्क: प्रदेश के चंबा जिले के भटियात विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत समोट कस्बे में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। समोट-ददरियाड़ा रूट पर चलने वाली एक निजी बस सुबह करीब 9 बजे अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, हालांकि बस में सवार कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार निजी बस समोट कस्बे के टैक्सी स्टैंड के समीप चौक पर खड़ी थी और दूसरी बस की सवारियों का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान चालक बस में मौजूद नहीं था और अचानक बस न्यूट्रल हो गई। ढलान होने के कारण बस अपने आप आगे सरकने लगी। उस समय बस में करीब एक दर्जन यात्री सवार थे।
ये भी देखें :- भूस्खलन ने छीनी गांव की खुशियां, जानिए कैसे ये परिवार संघर्ष और उम्मीद के बीच जी रहे हैं
बस के अचानक चल पड़ने से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कुछ समझ पाते, इससे पहले ही बस करीब 30 से 40 मीटर तक सड़क पर सरकते हुए प्राकृतिक जल स्रोत के पास खाई में जा गिरी। हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और खाई में उतरकर बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
इस हादसे में किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। हालांकि घबराहट और हल्की चोटों के चलते कुछ यात्रियों को एहतियातन प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और एंबुलेंस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक चंबा विजय सकलानी ने बताया कि बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई थी। इस हादसे में जान-माल का कोई नुकसान नहीं हुआ है। मामले की जांच जारी है।
ये भी पढे़ं :- Kullu Accident: चंडीगढ़-मनाली NH पर हादसा, पैरापिट से टकराई कार, 3 सैलानियों की मौत
मेष: दिन शुभ रहेगा...