Noida School Bomb Threat: नोएडा के सेक्टर-168 में स्थित शिव नादर स्कूल में बम होने की सूचना मिलने से शुक्रवार को अफरा-तफरी मच गई। यह धमकी स्कूल प्रशासन को ईमेल के जरिए मिली थी, जिसके बाद तुरंत सुरक्षा को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया। धमकी मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने बिना देर किए पेरेंट्स को मैसेज भेजा और हालात की जानकारी दी। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल में पढ़ने वाले सभी छात्रों को सुरक्षित तरीके से घर भेज दिया गया।
मौके पर पहुंची पुलिस और बम स्क्वायड
सूचना मिलते ही पुलिस और बम स्क्वायड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्कूल परिसर की बारीकी से जांच की जा रही है। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अब तक स्कूल में कोई बम या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।
ईमेल के जरिए दी गई थी धमकी
बताया जा रहा है कि बम से उड़ाने की धमकी ईमेल के माध्यम से भेजी गई थी। इसके बाद स्कूल प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड में आ गया और बच्चों की सुरक्षा को सबसे ऊपर रखा गया।
फादर एग्नल स्कूल को भी मिली धमकी
इसी तरह नोएडा के फादर एग्नल स्कूल को भी ऐसा ही एक धमकी भरा ईमेल मिला है। इसमें स्कूल को बम से उड़ाने की बात कही गई थी। एहतियात के तौर पर स्कूल को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
पहले भी मिल चुकी हैं ऐसी धमकियां
गौरतलब है कि इससे पहले भी नोएडा में दो बार स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। हालांकि जांच के दौरान उन मामलों में भी कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया था।
पिछले साल दिल्ली-एनसीआर में भी सामने आया था ऐसा मामला
पिछले साल भी दिल्ली-एनसीआर के कई स्कूलों और कॉलेजों को इसी तरह की धमकियां मिली थीं। जांच में सामने आया था कि ज्यादातर धमकियां ईमेल के जरिए ही भेजी गई थीं, जिससे एक पैटर्न भी देखने को मिला था।