Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

अब स्ट्रीट वेंडर्स के हाथ में भी क्रेडिट कार्ड: PM मोदी बोले- फाइनेंशियल इनक्लूजन से बदली तस्वीर

January 23, 2026

अब स्ट्रीट वेंडर्स के हाथ में भी क्रेडिट कार्ड: PM मोदी बोले- फाइनेंशियल इनक्लूजन से बदली तस्वीर

नेशनल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में कहा कि भारत में फाइनेंशियल इनक्लूजन (आर्थिक समावेशन) की तस्वीर अब पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि पहले क्रेडिट कार्ड सिर्फ अमीर लोगों के पास होते थे, लेकिन अब स्ट्रीट वेंडर्स, ठेले वाले और फुटपाथ पर सामान बेचने वालों के पास भी PM स्वनिधि क्रेडिट कार्ड हैं।

यह भी पढ़ें: अमेरिका में 5 साल के बच्चे को हिरासत में लेने पर मचा बवाल, कमला हैरिस बोलीं- यह एक बच्चा …

लाखों स्ट्रीट वेंडर्स को इस योजना का फायदा मिला- पीएम मोदी 

प्रधानमंत्री तिरुवनंतपुरम में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे, जहां उन्होंने तीन अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई, कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और PM स्वनिधि क्रेडिट कार्ड योजना की घोषणा की। PM मोदी ने कहा कि यह योजना स्ट्रीट वेंडर्स को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के दौरान केरल के करीब 10,000 स्ट्रीट वेंडर्स और तिरुवनंतपुरम के 600 से ज्यादा वेंडर्स को क्रेडिट कार्ड दिए गए।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले सड़क किनारे सामान बेचने वाले लोगों की हालत बहुत खराब थी। उन्हें छोटा सा काम करने के लिए भी बहुत ज्यादा ब्याज पर पैसे उधार लेने पड़ते थे। इसी समस्या को खत्म करने के लिए PM स्वनिधि योजना शुरू की गई। उन्होंने बताया कि आज देश भर में लाखों स्ट्रीट वेंडर्स को इस योजना का फायदा मिल चुका है और बहुत से लोगों को अपनी जिंदगी में पहली बार बैंक से लोन मिला है।

केंद्र सरकार ने गरीबों को बैंकिंग सिस्टम से जोड़ा

फाइनेंशियल इनक्लूजन पर बात करते हुए PM मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीबों, SC, ST, OBC, महिलाओं और मछुआरों को बैंकिंग सिस्टम से जोड़ने का बड़ा काम किया है। जिन लोगों के पास कोई गारंटी नहीं होती, उनके लिए सरकार खुद गारंटर बन रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 11 सालों में केंद्र सरकार गरीब परिवारों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य में शहरों की अहम भूमिका है।

आवास योजना के तहत 4 करोड़ से ज्यादा घर बनाए

PM मोदी ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत देश में अब तक 4 करोड़ से ज्यादा घर बनाए जा चुके हैं, जिनमें से 1 करोड़ से ज्यादा घर शहरी गरीबों को मिले हैं। केरल में भी करीब 1.25 लाख शहरी गरीब परिवारों को पक्के घर मिले हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार की योजनाओं जैसे आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज, मातृ वंदना योजना, और 12 लाख रुपये तक की आय वालों को टैक्स में राहत से केरल के मध्यम वर्ग और नौकरीपेशा लोगों को फायदा हो रहा है।

विज्ञान- इनोवेशन और हेल्थकेयर पर सरकार का फोकस

प्रधानमंत्री ने केरल में रेल कनेक्टिविटी मजबूत होने और तिरुवनंतपुरम को एक बड़ा स्टार्टअप हब बनाने की कोशिशों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि केरल से गरीबों की भलाई के लिए देशभर में योजनाएं आगे बढ़ाई जा रही हैं। इसके अलावा PM मोदी ने विज्ञान, इनोवेशन और हेल्थकेयर पर सरकार के फोकस की बात की। उन्होंने केरल में CSIR इनोवेशन हब के उद्घाटन और एक मेडिकल कॉलेज में रेडियोसर्जरी सेंटर की शुरुआत को राज्य के लिए अहम बताया।

यह भी पढ़ें:  डोनाल्ड ट्रंप ने WEF 2026 में ‘बोर्ड ऑफ पीस’ लॉन्च किया, बोले- दुनिया में शांति का समय आया

चार नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई

इससे पहले, प्रधानमंत्री ने चार नई ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई, जिनमें तीन अमृत भारत एक्सप्रेस और एक नई पैसेंजर ट्रेन शामिल हैं। उन्होंने कई विकास परियोजनाओं की नींव भी रखी। कार्यक्रम की शुरुआत PM मोदी ने पारंपरिक अभिवादन “नमस्कारम” से की। उन्होंने तिरुवनंतपुरम के मेयर पीपी राजेश को भी बधाई दी। इस मौके पर मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन और राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर भी मौजूद थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें