Today Weather Report 25 Jan 2026: देशभर में मौसम एक बार फिर करवट लेता नजर आ रहा है। उत्तर भारत पहले से ही शीत लहर की चपेट में है और अब बारिश व बर्फबारी की चेतावनी ने ठंड की मार और बढ़ा दी है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते कई राज्यों में भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है, जिससे तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और गिरावट आने की आशंका है।
28 जनवरी तक रहेगा पश्चिमी विक्षोभ का असर
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव 28 जनवरी तक बना रहेगा। इसके कारण उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में लगातार बर्फबारी हो सकती है। पहाड़ों पर बन रहे इस सिस्टम का असर मैदानी इलाकों तक भी पहुंच रहा है, जिससे दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब में सर्द हवाएं चल रही हैं। 27 जनवरी से पहाड़ी राज्यों के साथ-साथ कई मैदानी इलाकों में भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
ये भी पढ़ें- मीन राशि वालों को आज जानवरों से खतरा! जानें अन्य राशियों का हाल
पांच राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
IMD ने जिन पांच राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, उनमें हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, तमिलनाडु और पुडुचेरी शामिल हैं। 27 और 28 जनवरी को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में मध्यम से भारी बारिश व बर्फबारी के साथ बिजली गिरने और 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका है। वहीं दक्षिण भारत में तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 24-25 जनवरी को भारी बारिश, जबकि केरल और माहे में 26 जनवरी को गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
दिल्ली-एनसीआर में ठंड का प्रकोप बरकरार
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में ठंड ने फिर से जोर पकड़ लिया है। हालांकि 26 जनवरी को बारिश की संभावना कम है, लेकिन 27 जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलने का अनुमान है। लगातार गिरते तापमान के बीच दिल्ली का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया है, जिससे दिन और रात दोनों समय सर्दी परेशान कर रही है।
बारिश से सुधरी हवा की गुणवत्ता
23 जनवरी को हुई बारिश के बाद दिल्ली-एनसीआर की हवा में बड़ा सुधार देखने को मिला है। एयर क्वालिटी इंडेक्स जो पहले 200 से 300 के पार था, अब घटकर लगभग 150 के आसपास पहुंच गया है। धुंध और प्रदूषण की मोटी परत काफी हद तक साफ हो चुकी है। अगर 27 जनवरी को फिर से अच्छी बारिश होती है तो प्रदूषण स्तर में और गिरावट आ सकती है।
ये भी पढ़ें- हुक्मनामा श्री हरमंदिर साहिब जी 25 जनवरी 2026
उत्तर प्रदेश और बिहार में बदलेगा मौसम का मिजाज
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बादलों की आवाजाही जारी है। फिलहाल तेज बारिश की कोई पुख्ता चेतावनी नहीं है, लेकिन 27 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ के दोबारा सक्रिय होने पर आंधी और बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। पश्चिमी यूपी में हालिया बारिश और तेज हवाओं ने ठंड बढ़ा दी है। उत्तराखंड से सटे जिलों में ओलावृष्टि के भी संकेत मिल रहे हैं। उधर बिहार में कोहरे और शीतलहर का असर अभी बना रह सकता है।
हिमाचल में शीतलहर के साथ भारी बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश में 27 और 28 जनवरी को मौसम और ज्यादा सख्त हो सकता है। शिमला, मनाली, चंबा, कुल्लू और कांगड़ा जैसे जिलों में भारी बारिश व बर्फबारी की संभावना है। तेज हवाओं के साथ तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा सकती है। मनाली में अधिकतम तापमान माइनस 4 डिग्री और न्यूनतम माइनस 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...