Last Updated: September 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

तेज धमाका और धुएं का गुबार… अजित पवार के प्लेन क्रैश का खौफनाक वीडियो आया सामने

January 28, 2026

तेज धमाका और धुएं का गुबार… अजित पवार के प्लेन क्रैश का खौफनाक वीडियो आया सामने

नेशनल डेस्क: महाराष्ट्र के डिप्टी मुख्यमंत्री अजित पवार का विमान बारामती में भीषण हादसे का शिकार हो गया। इस दर्दनाक विमान दुर्घटना में अजित पवार का निधन हो गया, वहीं उनके साथ विमान में सवार अन्य लोग भी इस हादसे में नहीं बच पाए। इस घटना के बाद पूरे देश में शोक की लहर है। राजनीतिक जगत से जुड़े नेता और आम लोग एनसीपी प्रमुख को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। इस बीच, इस भयावह हादसे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो इतना डरावना है कि उसे देखकर किसी के भी रोंगटे खड़े हो सकते हैं।

क्या दिखा वायरल वीडियो में?

सोशल मीडिया पर सामने आया यह वीडियो सीसीटीवी फुटेज बताया जा रहा है, जिसकी लंबाई करीब 26 सेकेंड है। वीडियो में अचानक एक तेज धमाका होता दिखाई देता है। इसके तुरंत बाद आसमान में धुएं का बड़ा गुबार उठता नजर आता है। वीडियो देखकर साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि हादसा कितना भयानक था और उसमें किसी के बचने की कोई संभावना नहीं थी। बताया जा रहा है कि दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि अजित पवार के शव की पहचान उनकी घड़ी और कुर्ते से की गई।

 

जिस विमान में अजित पवार सवार थे, उसकी जानकारी

जिस विमान में अजित पवार यात्रा कर रहे थे, वह एक चार्टर्ड जेट था। रिपोर्ट्स के अनुसार, वे VSR ऑपरेटर के लियरजेट-45 (Learjet-45) विमान में सवार थे। इस विमान का रजिस्ट्रेशन नंबर VT-SSK बताया गया है।इस विमान का इस्तेमाल आमतौर पर बड़े नेता, बिजनेस लीडर्स और सरकारी अधिकारी करते हैं। हादसे के वक्त विमान में कुल 5 लोग सवार थे। लियरजेट-45 की क्षमता सामान्य तौर पर 6 से 8 यात्रियों की होती है और इसे कॉरपोरेट तथा सरकारी यात्राओं के लिए सुरक्षित माना जाता है।

सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच हो- ममता बनर्जी 

महाराष्ट्र के बारामती में हुए विमान हादसे, जिसमें उपमुख्यमंत्री अजित पवार का निधन हुआ, अब राजनीतिक बहस का मुद्दा बन गया है। इस हादसे को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गंभीर सवाल उठाए हैं और उच्चस्तरीय, निष्पक्ष जांच की मांग की है। ममता बनर्जी ने कहा कि इस घटना को सिर्फ एक सामान्य हादसा मानकर नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि इस मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में हो, ताकि सच्चाई सामने आ सके। ममता बनर्जी ने यह भी इशारा किया कि अजित पवार हाल के दिनों में सत्ताधारी गठबंधन (महायुति) से दूरी बना रहे थे। उन्होंने कहा, “अजित पवार सत्ताधारी दल के साथ थे, लेकिन यह भी चर्चा थी कि वे बीजेपी से अलग हो सकते हैं। ऐसे में अचानक हुआ यह हादसा कई सवाल खड़े करता है।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें