नेशनल डेस्क। राजस्थान के भरतपुर जिले से एक बहुत दर्दनाक सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। जहां, कोहरे की वजह से गुरुवार तड़के एक स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। हादसा इतना भयानक था कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में अब तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
कोहरे की वजह से हुआ हादसा
यह दुर्घटना आगरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई। सेवर थाना क्षेत्र में लुधावई पुलिया के पास कासगंज से जयपुर जा रही एक स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। सुबह के समय घना कोहरा होने के कारण सड़क पर दृश्यता बहुत कम थी। माना जा रहा है कि इसी वजह से बस चालक को आगे चल रहे ट्रेलर का अंदाज़ा नहीं लग पाया और बस सीधे ट्रेलर से टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज कि बस के उड़े परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर बेहद जोरदार थी। बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई यात्री बस में फंसे रह गए जिन्हें बाद में बाहर निकाला गया।
एक घायल ने खोया पूरा परिवार
हादसे में घायल हुए यात्रियों में से एक रामवीर नाम के व्यक्ति ने अपनी पत्नी और 8 साल के बेटे को इस दुर्घटना में खो दिया। यह खबर सुनकर अस्पताल में मौजूद लोग भी भावुक हो गए। उनका इलाज जारी है, लेकिन वे गहरे सदमे में बताए जा रहे हैं।
घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया
सेवर थाना के एसआई अवधेश ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जिला आरबीएम अस्पताल भिजवाया गया।अस्पताल में डॉक्टरों की टीम घायलों का इलाज कर रही है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
शव पोस्टमार्टम के लिए रखवाए गए
चारों मृतकों के शवों को आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे
हादसे की जानकारी मिलते ही जिला कलेक्टर कमर चौधरी और जिला पुलिस अधीक्षक दिगंत आनंद भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण किया और राहत कार्यों का जायज़ा लिया। अधिकारियों ने बस और ट्रेलर को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु करवाया। साथ ही अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए गए कि घायलों के इलाज में किसी तरह की लापरवाही न हो।
अस्पताल में विशेष चिकित्सा व्यवस्था
प्रशासन के निर्देश पर अस्पताल में डॉक्टरों की विशेष टीम तैनात की गई है ताकि घायलों को तुरंत और बेहतर इलाज मिल सके। अधिकारियों ने कहा है कि घायलों के इलाज में हर संभव मदद की जाएगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...