Last Updated: November 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

शिमला में होटल के कमरे में गैस सिलेंडर लीक होने से धमाका

January 30, 2026

शिमला में होटल के कमरे में गैस सिलेंडर लीक होने से धमाका

शिमला: शिमला के ओल्ड बस स्टैंड के समीप गुरुद्वारा साहिब के पास बेड एंड ब्रेकफास्ट (बीएंडबी) होटल में बीते देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब होटल के एक कमरे में गैस सिलेंडर लीक होने से जोरदार धमाका हो गया। धमाके के कारण कमरे की सीलिंग और खिड़कियों के शीशे टूट गए। टूटे हुए कांच के टुकड़े लगने से एक युवक को मामूली चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि धमाका किसी साजिश या अन्य कारण से नहीं बल्कि ब्यूटेन गैस के कैंपिंग सिलेंडर में हुई लीकेज की वजह से हुआ। सिलेंडर से गैस रिसाव होने के बाद कमरे में गैस भर गई और इसी दौरान अचानक विस्फोट हो गया। धमाके की आवाज सुनते ही होटल में ठहरे अन्य पर्यटकों और लोगों में दहशत फैल गई। एहतियातन होटल को तुरंत खाली करवा लिया गया। पुलिस ने होटल के कमरे और आसपास के क्षेत्र की गहन जांच की।

पुलिस का कहना है कि मामले में कोई आपराधिक पहलू सामने नहीं आया है और यह एक दुर्घटनावश हादसा है। हालांकि, होटल प्रबंधन को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि होटल में गैस सिलेंडरों का उपयोग निर्धारित नियमों के तहत किया जा रहा था या नहीं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचने के लिए होटल और गेस्ट हाउसों में गैस सुरक्षा को लेकर सती बरती जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें