इंटरनेशनल डेस्क। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। बलूच विद्रोही संगठन बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) ने दावा किया है कि उसने पाकिस्तानी सेना के खिलाफ बड़े पैमाने पर हमले किए हैं। संगठन का कहना है कि उसका सैन्य अभियान “ऑपरेशन हेरोफ फेज 2.0” 40 घंटे से भी अधिक समय तक कई जिलों में चलता रहा। BLA के अनुसार, इन हमलों में पाकिस्तान के सुरक्षा बलों को भारी नुकसान हुआ है।
BLA प्रवक्ता का आया बयान
BLA के प्रवक्ता जीयांद बलूच ने बयान जारी कर कहा कि संगठन के लड़ाकों ने कई इलाकों में अपने ऑपरेशन पूरे कर लिए हैं। जिन क्षेत्रों के नाम लिए गए उनमें शामिल हैं। खारान, मस्तुंग, तुम्प, पसनी उन्होंने यह भी दावा किया कि कुछ अन्य जगहों पर अभी भी लड़ाई जारी है। BLA का कहना है कि उसके लड़ाके क्वेटा और नोशकी के कुछ हिस्सों में भी मौजूद रहे, जहां से उन्होंने पाकिस्तान की सैन्य मौजूदगी को पीछे धकेलने का दावा किया।
200 से ज्यादा पाकिस्तानी जवान मारे गएः BLA का दावा
BLA ने दावा किया है कि उसके हमलों में पाकिस्तान सेना, पुलिस, फ्रंटियर कॉर्प्स के 200 से अधिक जवान मारे गए हैं। साथ ही, संगठन ने यह भी कहा कि उसने कम से कम 17 लोगों को पकड़ लिया था। हालांकि, इन दावों की किसी स्वतंत्र एजेंसी द्वारा पुष्टि नहीं हुई है। BLA ने यह भी कहा कि उसने नोशकी के डिप्टी कमिश्नर मुहम्मद हुसैन हजारा और असिस्टेंट कमिश्नर मारिया शामू को हिरासत में लिया था, लेकिन बाद में उन्हें रिहा कर दिया।
संगठन ने इस कदम को “मानवीय फैसला” बताया। BLA का कहना है कि वह स्थानीय प्रशासन और पुलिस को तब तक दुश्मन नहीं मानता, जब तक वे उसके खिलाफ सीधे कार्रवाई न करें। लेकिन संगठन ने चेतावनी भी दी कि जो स्थानीय अधिकारी पाकिस्तानी सेना की मदद करेंगे, उन्हें दुश्मन माना जाएगा।
BLA ने अपने नुकसान को भी स्वीकार किया
BLA ने यह माना है कि इस ऑपरेशन में उसके भी लोग मारे गए। संगठन के अनुसार कुल 18 लड़ाके मारे गए। संगठन ने यह भी बताया कि इन हमलों में महिला हमलावर भी शामिल थीं।BLA ने एक महिला हमलावर आसिफा मेंगल का नाम लेते हुए कहा कि वह 2 अक्टूबर 2023 को मजीद ब्रिगेड में शामिल हुई थीं। जनवरी 2024 में उन्होंने “फिदायीन” (आत्मघाती हमलावर) बनने का फैसला किया। उन्होंने नोशकी में ISI मुख्यालय को निशाना बनाया।
पाकिस्तान सरकार का आया बयान
इस बीच, बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगती ने अलग दावा किया। उन्होंने कहा कि पिछले 40 घंटों में चलाए गए आतंकवाद विरोधी अभियानों में कम से कम 145 आतंकवादी मारे गए। 17 पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी भी मारे गए। यानी सरकार और BLA के दावों में आंकड़ों को लेकर बड़ा अंतर है।
बलूचिस्तान में हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। दोनों पक्ष एक-दूसरे को भारी नुकसान पहुंचाने का दावा कर रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर वास्तविक स्थिति की स्वतंत्र पुष्टि करना मुश्किल है। यह साफ है कि क्षेत्र में हिंसा का दौर जारी है और आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...