Yamaha launched first electric scooter: जापानी दोपहिया वाहन निर्माता Yamaha ने भारत में अपने पहले इलेक्ट्रिक स्कूटर को आधिकारिक तौर पर लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इस नए इलेक्ट्रिक मॉडल का नाम Yamaha EC-06 रखा है, जिसके साथ Yamaha ने इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेगमेंट में कदम रख दिया है। इस स्कूटर की एक्स-शोरूम कीमत 1.67 लाख रुपये तय की गई है। शुरुआती दौर में यह स्कूटर चुनिंदा शहरों में Yamaha की Blue Square प्रीमियम डीलरशिप पर उपलब्ध होगा। फिलहाल इसे केवल एक Bluish White कलर ऑप्शन में पेश किया गया है।
दमदार परफॉर्मेंस और लंबी रेंज
Yamaha EC-06 में 4 kWh की फिक्स्ड बैटरी दी गई है, जिसे IPMSM (Interior Permanent Magnet Synchronous Motor) मोटर से जोड़ा गया है। यह मोटर 6.7 kW की पावर और 26 Nm का टॉर्क पैदा करती है। स्कूटर की अधिकतम रफ्तार 79 किमी/घंटा बताई गई है। कंपनी का दावा है कि यह इलेक्ट्रिक स्कूटर एक बार फुल चार्ज होने पर 169 किमी तक की दूरी तय कर सकता है, जो इसे डेली कम्यूट के लिए काफी उपयोगी बनाता है।
चार्जिंग और वारंटी की जानकारी
इस इलेक्ट्रिक स्कूटर को घर के सामान्य पावर सॉकेट से चार्ज किया जा सकता है। बैटरी को पूरी तरह चार्ज होने में करीब 8 घंटे का समय लगता है। Yamaha बैटरी पर 3 साल या 30,000 किलोमीटर की वारंटी दे रही है। सुरक्षा के लिहाज से बैटरी और मोटर को IP67 रेटिंग, जबकि अन्य इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट्स को IP65 रेटिंग दी गई है।
राइडिंग मोड और हार्डवेयर
Yamaha EC-06 में Eco, Standard और Power कुल तीन राइडिंग मोड मिलते हैं। संकरी जगहों में स्कूटर को आसानी से निकालने के लिए इसमें रिवर्स मोड भी दिया गया है। सस्पेंशन सेटअप में आगे टेलिस्कोपिक फोर्क्स और पीछे कॉइल स्प्रिंग सस्पेंशन मिलता है। ब्रेकिंग के लिए आगे और पीछे 200 mm डिस्क ब्रेक दिए गए हैं, जिनके साथ CBS तकनीक मौजूद है।
स्मार्ट फीचर्स और स्टोरेज
इस इलेक्ट्रिक स्कूटर में कलर LCD डिस्प्ले दिया गया है, जिसमें स्पीड, बैटरी लेवल और राइडिंग मोड जैसी जानकारियां मिलती हैं। फुल LED लाइटिंग के साथ Yamaha का Motor Connect R ऐप सपोर्ट भी मिलता है, जिससे स्मार्टफोन कनेक्टिविटी संभव है। इसके अलावा स्कूटर में 24.5 लीटर का अंडर-सीट स्टोरेज दिया गया है, जिसमें हेलमेट या रोजमर्रा का सामान आसानी से रखा जा सकता है।
Video: त्रिलोक जमवाल ने Budget पर Circuit House में प्रेस कॉन्फ्रेंस की