Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 26 लाख से अधिक परिवारों को पहुंचा लाभ

February 3, 2026

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 26 लाख से अधिक परिवारों को पहुंचा लाभ

PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana : फरवरी 2024 में शुरू की गई पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से अब तक देश के 26 लाख से ज्यादा परिवारों को सीधा फायदा मिल चुका है। यह जानकारी नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने बुधवार को दी।

मंत्रालय के मुताबिक, योजना के लागू होने के बाद देशभर में 20,85,514 रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाए जा चुके हैं। इनके जरिए 26,14,446 परिवारों को बिजली बिल में राहत मिली है। वहीं, दिसंबर 2025 तक केंद्रीय वित्तीय सहायता के तौर पर 14,771.82 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं।

राज्यों की बात करें तो गुजरात इस योजना से सबसे ज्यादा लाभ पाने वाला राज्य बना है, जहां 7,41,819 परिवारों ने रूफटॉप सोलर सिस्टम अपनाया है। इसके बाद महाराष्ट्र में 6,34,782 और उत्तर प्रदेश में 3,29,847 परिवारों को योजना का लाभ मिला है।

योजना के तहत उपभोक्ताओं को 85,800 रुपये तक की सब्सिडी मिलती है, जिससे सोलर सिस्टम लगाना आम परिवारों के लिए किफायती हो गया है। खासतौर पर मध्यम और कम आय वर्ग के लोगों को इससे बड़ी राहत मिल रही है।

ऊर्जा विशेषज्ञों का कहना है कि एक किलोवाट क्षमता का सोलर प्लांट हर महीने औसतन करीब 100 यूनिट बिजली पैदा करता है, जो एक सामान्य घर की मासिक जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त होती है।

मंत्रालय ने बताया कि इस योजना के तहत एक करोड़ घरों में रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इससे करीब 1,000 बिलियन यूनिट नवीकरणीय बिजली का उत्पादन होगा और अगले 25 वर्षों में लगभग 720 मिलियन टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन में कमी आने का अनुमान है।

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना एक मांग आधारित योजना है। इसके तहत वे सभी आवासीय उपभोक्ता, जिनके पास स्थानीय डिस्कॉम से जुड़ा बिजली कनेक्शन है, राष्ट्रीय पोर्टल पर आवेदन कर रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने के लिए योजना का लाभ उठा सकते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें