Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

बुलियन मार्केट में उछाल, सोना चढ़ा, चांदी 18 हजार रुपये से ज्यादा महंगी

February 4, 2026

बुलियन मार्केट में उछाल, सोना चढ़ा, चांदी 18 हजार रुपये से ज्यादा महंगी
बुधवार को सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार उछाल देखने को मिला। दोनों कीमती धातुओं के दामों में करीब 18,000 रुपये तक की तेजी दर्ज की गई, जिससे निवेशकों का ध्यान एक बार फिर बुलियन बाजार की ओर गया।
इंडिया बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (आईबीजेए) के अनुसार, चांदी की कीमत में 18,497 रुपये की बढ़ोतरी हुई और यह 2,82,462 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई। इससे पहले मंगलवार को भी चांदी इसी स्तर पर कारोबार कर रही थी।
सोने के दामों में भी मजबूत तेजी देखने को मिली। 24 कैरेट सोना 5,096 रुपये महंगा होकर 1,56,625 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया, जो पहले 1,51,529 रुपये प्रति 10 ग्राम था। वहीं, 22 कैरेट सोने की कीमत 1,38,801 रुपये से बढ़कर 1,43,469 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गई। 18 कैरेट सोने का भाव भी बढ़कर 1,17,469 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया, जो पहले 1,13,647 रुपये था।
गौरतलब है कि यह तेजी हाल ही में आई भारी गिरावट के बाद दर्ज की गई है। बीते शुक्रवार को मुनाफावसूली के चलते सोने की कीमतों में 11 प्रतिशत से ज्यादा और चांदी में 31 प्रतिशत से अधिक की गिरावट देखने को मिली थी।
हाजिर बाजार के साथ-साथ मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर भी सोने-चांदी में मजबूती रही। एमसीएक्स पर 2 अप्रैल 2026 के सोने के कॉन्ट्रैक्ट की कीमत 1.98 प्रतिशत बढ़कर 1,56,850 रुपये हो गई, जबकि 5 मार्च 2026 की चांदी का कॉन्ट्रैक्ट 5.59 प्रतिशत चढ़कर 2,82,993 रुपये पर पहुंच गया।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भी कीमती धातुओं में तेजी देखने को मिली। खबर लिखे जाने तक कॉमेक्स पर सोना 1.85 प्रतिशत की बढ़त के साथ 5,029 डॉलर प्रति औंस और चांदी 8.25 प्रतिशत उछलकर 90 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक स्तर पर बढ़ती अनिश्चितता के चलते सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने की मांग बढ़ी है, जबकि औद्योगिक मांग के कारण चांदी को भी मजबूत समर्थन मिला है। आने वाले दिनों में अमेरिका से आने वाले आर्थिक आंकड़े सोने की कीमतों की आगे की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें