नई दिल्ली: भारत और अमरीका के बीच ट्रेड डील पर ज्वाइंट स्टेटमैंट अगले 4-5 दिन में आ सकता है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत और अमरीका के द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण पर संयुक्त बयान को 4 से 5 दिन में अंतिम रूप देने और उस पर हस्ताक्षर करने की संभावना है। संयुक्त बयान पर हस्ताक्षर होने के बाद अमरीका, भारत पर शुल्क घटाकर 18% करने का कार्यकारी आदेश जारी करेगा। भारतीय वस्तुओं पर वर्तमान में 25% का जवाबी शुल्क और रूसी कच्चे तेल की खरीद को लेकर 25% का अतिरिक्त शुल्क लगता है।
गोयल ने बताया कि समझौते के पहले चरण के लिए कानूनी समझौते पर मार्च के मध्य तक हस्ताक्षर हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि संयुक्त बयान के बाद एक विस्तृत कानूनी समझौता किया जाएगा। गोयल ने बताया कि इस समझौते में किसी भी प्रकार के निवेश की प्रतिबद्धता नहीं है। वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने कहा कि एक बार बयान पर हस्ताक्षर हो जाने के बाद, यह एक कानूनी समझौते में तब्दील हो जाएगा और मार्च के मध्य तक हमें उस कानूनी समझौते पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। कानूनी दस्तावेज पर हस्ताक्षर होने के बाद भारत कुछ अमरीकी वस्तुओं पर शुल्क में कटौती करेगा।