Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

जालंधर में घरेलू हिंसा पीड़ितों के लिए सांझ राहत केंद्र का उद्घाटन

February 6, 2026

जालंधर में घरेलू हिंसा पीड़ितों के लिए सांझ राहत केंद्र का उद्घाटन

जालंधर: मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार की प्रतिबद्धता के अनुसार, पीड़ित-केंद्रित पुलिसिंग और महिलाओं के लिए सहायता तंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, पंजाब पुलिस ने जालंधर के सिविल अस्पताल में घरेलू हिंसा पीड़ितों के लिए एक समर्पित सहायता केंद्र सांझ राहत केंद्र स्थापित किया है।

गुरुवार को यहां केंद्र का उद्घाटन करते हुए, स्पैशल डायरैक्टर जनरल ऑफ पुलिस (स्पैशल डीजीपी) कम्युनिटी अफेयर्स डिवीजन और महिला मामलों की गुरप्रीत कौर दिओ ने कहा कि यह केंद्र सक्रिय सामुदायिक सांझेदारी के माध्यम से संकट में फंसी महिलाओं को समय पर मनोविज्ञान-सामाजिक और कानूनी सहायता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

स्पैशल डीजीपी के साथ पुलिस कमिश्नर जालंधर धनप्रीत कौर भी थीं। कमिश्नरेट पुलिस, जालंधर के तत्वावधान में यह एक सहयोगात्मक प्रयास है, जिसे पीड़ितों के लिए आसान पहुंच और गोपनीयता सुनिश्चित करने के लिए अस्पताल परिसर के भीतर स्थापित किया गया है। इसका उद्देश्य मामलों की जल्द से जल्द पहचान करना और तत्काल काऊंसलिंग, कानूनी मार्गदर्शन और पुनर्वास संपर्क सहित एकीकृत सहायता प्रदान करना है।

स्पैशल डीजीपी गुरप्रीत कौर दिओ ने घरेलू हिंसा से निपटने में संवेदनशील पुलिस प्रतिक्रिया और मजबूत अंतर-विभागीय समन्वय की महत्वपूर्ण आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा, सांझ राहत केंद्र पीड़ितों को आवश्यक सहायता प्रणालियों से जोड़ने वाले एक महत्वपूर्ण पुल के रूप में काम करेगा – चाहे वह कानूनी सहायता हो, पेशेवर काऊंसलिंग, आश्रय गृह या सरकारी कल्याण योजनाएं हों।

यह महिलाओं के लिए एक सुरक्षित और सहायक पारिस्थितिकी तंत्र बनाने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने बताया कि मनोविज्ञान और सामाजिक कार्य में विशेषज्ञता वाले प्रशिक्षित काऊंसलर अस्पताल में रिपोर्ट करने वाले पीड़ितों की सहायता के लिए केंद्र में तैनात रहेंगे। उन्होंने कहा कि यह केंद्र त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस स्टेशनों पर महिला हैल्प डैस्क और अन्य संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम करेगा।

पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर ने महिलाओं की सुरक्षा और समुदाय-उन्मुख पुलिसिंग पर पुलिस विभाग के अटूट ध्यान को दोहराया। उन्होंने कहा, केंद्र की स्थापना हमारे प्रोएक्टिव, पीड़ित-अनुकूल अप्रोच को दिखाती है। इसका मकसद लोगों तक पहुंचना और जब सबसे ज्यादा जरूरत हो, तब सपोर्ट का पिलर बनना है। उद्घाटन समारोह में डीसीपी-2 आकर्ष जैन, सिविल सर्जन डॉ. राजेश गर्ग, सी.जे.एम. राहुल कुमार आजाद और सखी वन स्टॉप सैंटर के प्रतिनिधि मौजूद थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें