Weather Update 7 Feb 2026: देश में अगले 24 घंटों के दौरान मौसम में बड़ा उलटफेर देखने को मिल सकता है। उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश, बर्फबारी, कोहरे और तेज़ हवाओं का असर पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस समय दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं, जिनका प्रभाव पहाड़ी इलाकों के साथ-साथ मैदानी राज्यों में भी दिखाई देगा।
शनिवार को जम्मू-कश्मीर में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले दो दिनों तक इस क्षेत्र में मौसम खराब बना रहेगा। 9 से 11 फरवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कई हिस्सों में बारिश के साथ बर्फ गिरने की संभावना है।
ये भी पढ़ें- आज का राशिफल: जानिए आपके सितारे क्या कहते हैं, करियर, प्रेम और स्वास्थ्य का कैसा रहेगा हाल?
तेज़ हवाओं से बढ़ेगी ठिठुरन
आने वाले दो से तीन दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके चलते ठंड में इज़ाफा होने की आशंका है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तरी राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा रहा है। वहीं, पहाड़ी राज्यों में पारा शून्य से नीचे पहुंच चुका है। मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस सीकर (पूर्वी राजस्थान) में रिकॉर्ड किया गया है।
इन राज्यों में होगी बारिश और बर्फबारी
मौसम विभाग के अनुसार, आज अरुणाचल प्रदेश और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में अच्छी बारिश हो सकती है। 9 से 11 फरवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुज़फ़्फ़राबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। 10 फरवरी को जम्मू-कश्मीर और आसपास के इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाओं के साथ भारी बारिश या बर्फबारी हो सकती है।
ये भी पढ़ें- भारत के खिलाफ मैच से इनकार पर अनुराग ठाकुर सख्त, ICC से पाकिस्तान पर बैन और फंडिंग रोकने की मांग
कोहरे का भी रहेगा असर
अगले 24 घंटों के दौरान उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कई राज्यों में सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है। हालांकि, दिन के समय मौसम के साफ़ रहने की संभावना है।
दिल्ली का मौसम अपडेट
7 फरवरी को राजधानी दिल्ली में आसमान ज़्यादातर साफ़ रहेगा, लेकिन सुबह के समय धुंध छाई रह सकती है। दिन में 15 से 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सतही हवाएं चलेंगी। अधिकतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। 8 फरवरी को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और सुबह धुंध बनी रह सकती है।