Punjab Weather Today: पंजाब में मौसम ने करवट बदलनी शुरू कर दी है। सर्दी की तीव्रता अब कम हो रही है और तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार आज से लेकर 12 फरवरी तक राज्य में मौसम साफ बना रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। इस पूरे दौर में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है और विभाग की ओर से कोई चेतावनी भी जारी नहीं की गई है।
हालांकि दिन के समय धूप खिली रहेगी, लेकिन सुबह और रात के वक्त ठंडी सतही हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं। इसके साथ ही कुछ इलाकों में कोहरा छाए रहने की संभावना भी बनी हुई है।
तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज
बीते 24 घंटों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान औसतन 0.3 डिग्री सेल्सियस बढ़ा है। सबसे कम न्यूनतम तापमान फरीदकोट में 6.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं आदमपुर में घना कोहरा देखने को मिला, जहां दृश्यता शून्य तक पहुंच गई।
रातें अब ज्यादा ठंडी नहीं
मौसम विभाग का कहना है कि न्यूनतम तापमान में पिछले 24 घंटों के दौरान 0.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है और यह सामान्य स्तर के करीब पहुंच चुका है। राज्य के सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 6.0 से 9.5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो फरवरी महीने में पिछले करीब 13 वर्षों में दर्ज किए गए ऊंचे तापमानों में से एक है। इससे पहले 6 फरवरी को यहां 8.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड हुआ था।
अन्य जिलों में अमृतसर में 6.3, लुधियाना में 8.4, पटियाला में 9.5, पठानकोट में 7.5, फरीदकोट में 6.0, एसबीएस नगर में 7.3, फिरोजपुर में 7.0, मानसा में 9.1 और रूपनगर में 8.3 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
बारिश में लगातार कमी
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक बीते कुछ वर्षों से फरवरी महीने में बारिश सामान्य से कम होती जा रही है। वर्ष 2022, 2023 और 2024 में भी फरवरी के दौरान सीमित बारिश दर्ज की गई थी। साल 2025 में करीब 30 प्रतिशत बारिश की कमी रही, जबकि इस साल अब तक 34 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की जा चुकी है। विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में भी अच्छी बारिश के संकेत कमजोर नजर आ रहे हैं।
8 फरवरी को सक्रिय हो सकता है वेस्टर्न डिस्टर्बेंस
मौसम विभाग ने बताया कि ईरान और अफगानिस्तान के पास बना वेस्टर्न डिस्टर्बेंस अब उत्तरी अफगानिस्तान के आसपास सक्रिय है, जो करीब 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर मौजूद है। इसके साथ ही ऊपरी वायुमंडल में भी एक सिस्टम बना हुआ है, जो लगभग 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। इसके अलावा 8 फरवरी की रात से एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों को प्रभावित कर सकता है, लेकिन पंजाब में इसका असर सीमित रहने की संभावना है।
ये भी पढ़ें: आज का राशिफल: जानिए आपके सितारे क्या कहते हैं, करियर, प्रेम और स्वास्थ्य का कैसा रहेगा हाल?
अगले कुछ दिन ऐसे रहेगा मौसम
मौसम विभाग के निदेशक सुरिंदर पाल के अनुसार अगले सात दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा। अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, इसके बाद इसमें 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। आने वाले तीन दिनों के दौरान कुछ स्थानों पर तेज हवाएं चल सकती हैं और सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा भी देखने को मिल सकता है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...