Last Updated: October 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

T20 World Cup, IND vs USA: भारत ने टी-20 विश्व कप की जीत से की शुरूआत

February 7, 2026

T20 World Cup, IND vs USA: भारत ने टी-20 विश्व कप की जीत से की शुरूआत

मुंबई: गत चैंपियन भारत ने कप्तान सूर्यकुमार यादव की दबाव में खेली गई नाबाद 84 रन की पारी और मोहम्मद सिराज (29 रन देकर तीन विकेट) की अगुआई में अनुशासित गेंदबाजी के दम पर आईसीसी टी20 विश्व कप के शुरूआती मैच में अमेरिका को 29 रन से हराकर अपने अभियान की विजयी शुरूआत की। शीर्ष और मध्यक्रम की नाकामी के बावजूद भारत 9 विकेट पर 161 रन बनाने में सफल रहा।

वानखेड़े स्टेडियम में एक समय भारत का स्कोर 13वें ओवर में 6 विकेट पर 77 रन था, लेकिन सूर्यकुमार ने 49 गेंदों में 10 चौके और चार छक्कों की मदद से पारी को संभाले रखा और अंत में तेजी से रन जोड़े। लक्ष्य का पीछा करते हुए अमेरिका की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 132 रन ही बना सकी। संजय कृष्णमूर्ति और शुभम रंजने ने 37-37 रन बनाए, जबकि मिलिंद कुमार ने 34 रन का योगदान दिया।

भारत की ओर से नई गेंद से अर्शदीप सिंह (18 रन देकर दो विकेट) और सिराज ने शानदार शुरूआत दिलाई। जसप्रीत बुमराह की अनुपस्थिति में शामिल किए गए सिराज ने दोनों सलामी बल्लेबाजों को आउट किया और आखिरी गेंद पर रंजने का विकेट लेकर मैच पर मुहर लगा दी। अर्शदीप ने कप्तान मोनांक पटेल को शून्य पर आउट किया, जबकि अक्षर पटेल ने 16वें ओवर में दो अहम विकेट झटके।

इससे पहले भारत की ओर से तिलक वर्मा ने 25 और ईशान किशन ने 20 रन बनाए। अमरीका के लिए शैडली वान शाल्कविक ने 4 विकेट लेकर भारतीय बल्लेबाजी को झकझोरा, लेकिन सूर्यकुमार की शानदार पारी भारत के काम आई। भारतीय टीम अब ग्रुप ए के अपने दूसरे मुकाबले में 12 फरवरी को नामीबिया से भिड़ेगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें