टेस्ला और स्पेसएक्स के सीईओ एलन मस्क ने सोमवार को कहा कि उनका सपना अगले 10 साल से भी कम समय में चंद्रमा पर एक स्व-विकसित शहर बसाने का है। इसके बाद करीब 20 साल के भीतर मंगल ग्रह पर इंसानी मौजूदगी स्थापित करने की योजना है।
दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति मस्क के मुताबिक, स्पेसएक्स फिलहाल चंद्रमा को अपनी प्राथमिकता मानकर आगे बढ़ रहा है, क्योंकि वहां शहर बसाना तकनीकी रूप से ज्यादा जल्दी संभव है। वहीं मंगल पर इंसानों को बसाने में अभी 20 साल या उससे भी अधिक समय लग सकता है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए मस्क ने कहा कि स्पेसएक्स का मूल मिशन आज भी वही है—जीवन और चेतना को पृथ्वी से आगे, अंतरिक्ष तक पहुंचाना।
मस्क ने बताया कि मंगल ग्रह तक यात्रा तभी संभव होती है जब हर 26 महीने में पृथ्वी और मंगल एक सीध में आते हैं, और वहां पहुंचने में लगभग 6 महीने लगते हैं। इसके उलट, चंद्रमा के लिए हर 10 दिन में लॉन्च किया जा सकता है और सिर्फ 2 दिन में वहां पहुंचा जा सकता है। यही वजह है कि चंद्रमा पर शहर बसाने की प्रक्रिया कहीं तेज हो सकती है।
उन्होंने यह भी कहा कि स्पेसएक्स 5 से 7 साल के भीतर मंगल पर शहर बसाने की दिशा में काम शुरू कर सकता है, लेकिन फिलहाल सबसे बड़ा लक्ष्य मानव सभ्यता के भविष्य को सुरक्षित करना है, और इसमें चंद्रमा अहम भूमिका निभा सकता है।
पिछले साल सितंबर में मस्क ने बताया था कि पहला बिना इंसानों वाला स्टारशिप मिशन अगले दो साल में मंगल की ओर भेजा जाएगा, जब दोनों ग्रहों के बीच यात्रा के लिए अनुकूल समय होगा।
स्टारशिप को दुनिया का सबसे शक्तिशाली रॉकेट माना जाता है, जिसे पहले चंद्रमा और फिर मंगल तक इंसानों को पहुंचाने के लिए तैयार किया जा रहा है।
मस्क के अनुसार, शुरुआती मिशन बिना इंसानों के होंगे, ताकि मंगल पर सुरक्षित लैंडिंग की पूरी जांच की जा सके। अगर ये मिशन सफल रहते हैं, तो करीब चार साल के भीतर इंसानों को मंगल भेजने की तैयारी की जाएगी।
इसके बाद मिशनों की संख्या तेजी से बढ़ाई जाएगी, जिसका अंतिम लक्ष्य लगभग 20 साल में मंगल ग्रह पर एक आत्मनिर्भर शहर बसाना है।