
चांदनी बार’, ‘पेज 3’, ‘फैशन’ और ‘ट्रैफिक सिग्नल’ जैसी चर्चित फिल्मों के निर्देशक मधुर भंडारकर हाल ही में मुंबई के सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचे। उन्होंने भगवान गणेश के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मुंबई आने पर बप्पा के दर्शन करना उनके लिए एक परंपरा जैसा है, क्योंकि वे जो कुछ भी हैं, वह गणपति बप्पा की कृपा से ही है।
सिद्धिविनायक मंदिर में दर्शन के बाद मधुर भंडारकर ने आईएएनएस से बातचीत में बताया, “मैं पिछले करीब 32 सालों से लगातार गणपति बप्पा के दर्शन करने आता रहा हूं। कई बार खार से पैदल चलकर भी यहां पहुंचा हूं। बप्पा में मेरी गहरी आस्था है। फिल्म की रिलीज हो, अपकमिंग प्रोजेक्ट हो या फिर किसी गाने का लॉन्च, मैं हर मौके पर बप्पा का आशीर्वाद लेना नहीं भूलता। आज जो भी हूं, उन्हीं की वजह से हूं।”
अपने आने वाले प्रोजेक्ट्स को लेकर उन्होंने कहा, “मेरी नई फिल्म ‘द वाइव्स’ की शूटिंग हाल ही में पूरी हुई है। इसी खुशी और कृतज्ञता के साथ मैं बप्पा के पास आया हूं। मुझे पूरा भरोसा है कि उनकी कृपा से ही मैं यहां तक पहुंच पाया हूं। मैं हमेशा अपने चाहने वालों के लिए, देश में शांति और तरक्की के लिए प्रार्थना करता हूं।”
बॉलीवुड की अनकही और कड़वी सच्चाइयों को पर्दे पर दिखाने के लिए पहचाने जाने वाले मधुर भंडारकर पिछले साल से ही फिल्म ‘द वाइव्स’ को लेकर चर्चा में हैं। यह फिल्म उन महिलाओं की कहानी पर आधारित बताई जा रही है, जो भले ही खुद लाइमलाइट से दूर हों, लेकिन जिनके पति बड़े सितारे हैं और पर्दे के पीछे वही महिलाएं मजबूत भूमिका निभाती हैं।
पिछले साल शूटिंग शुरू होने के साथ ही फिल्म का पोस्टर भी रिलीज किया गया था, जिसमें तीन ग्लैमरस महिलाओं को चेहरा ढके हुए दिखाया गया था। पोस्टर सामने आते ही यह चर्चा तेज हो गई थी कि आखिर फिल्म किन महिलाओं की जिंदगी से प्रेरित होगी। हालांकि अभी इस बारे में कोई साफ जानकारी नहीं दी गई है। निर्देशक का कहना है कि फिल्म का फोकस उन ताकतवर पत्नियों पर होगा, जो अपने सुपरस्टार पतियों के पीछे रहकर भी बॉलीवुड पर खास असर रखती हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले नेटफ्लिक्स पर ‘फैबुलस लाइव्स ऑफ बॉलीवुड वाइव्स’ नाम का शो भी आ चुका है, जिसमें बड़े सितारों की पत्नियों ने अपनी जिंदगी से जुड़े कई पहलुओं को सामने रखा था।
मेष: दिन शुभ रहेगा...