Last Updated: October 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

25 किलो वजन उठाकर दौड़ी बेटी, गिरकर भी नहीं हारी…धर्मपुर की इस बेटी का जज्बा बना मिसाल

February 10, 2026

25 किलो वजन उठाकर दौड़ी बेटी, गिरकर भी नहीं हारी…धर्मपुर की इस बेटी का जज्बा बना मिसाल

हिमाचल डेस्कः धर्मपुर में आयोजित पशु मित्र भर्ती प्रक्रिया के दौरान एक बेटी का हौसला और जज़्बा देखने लायक रहा। 25 किलोग्राम वजन उठाकर दौड़ते समय वह गिर गई, लेकिन हार नहीं मानी। उठी, फिर से वजन उठाया और लक्ष्य तक पहुंचकर दौड़ पूरी की। मैदान में मौजूद हर व्यक्ति ने तालियों के साथ उसका उत्साह बढ़ाया।

दसवीं कक्षा में 77 प्रतिशत अंक हासिल करने वाली यह होनहार बेटी अपने परिवार का सहारा बनने के उद्देश्य से पशु मित्र भर्ती में शामिल हुई। उसका कहना था कि पढ़ाई के साथ-साथ वह नौकरी कर परिवार की मदद करना चाहती है।

ये भी पढ़ें :-

एक मिनट में 100 मीटर दौड़ना था लक्ष्य

धर्मपुर महाविद्यालय के खेल मैदान में आयोजित भर्ती प्रक्रिया में कुल 147 आवेदकों में से 130 ने भाग लिया। अभ्यर्थियों को 25 किलो वजन उठाकर एक मिनट में 100 मीटर की दूरी तय करनी थी। इसी दौरान जब दौड़ शुरू हुई तो यह बेटी वजन उठाकर दौड़ते हुए गिर पड़ी, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी और अंत तक दौड़ पूरी कर सभी को प्रेरित किया।

दस्तावेज देख अधिकारी भी रह गए हैरान

जब विभागीय अधिकारियों ने उसके शैक्षणिक दस्तावेज देखे तो वे भी हैरान रह गए। पढ़ाई में अच्छी होने के बावजूद उसने नौकरी को प्राथमिकता दी, ताकि परिवार की आर्थिक मदद कर सके। उसकी तरह कई अन्य बेटियां भी अपने सपनों को साकार करने के लिए 25 किलो वजन के साथ मैदान में उतरीं।

भर्ती के लिए बनी विशेष उपसमिति

भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए विभाग की ओर से एक विशेष उपसमिति का गठन किया गया है। यह उपसमिति सभी अभ्यर्थियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन कर मेरिट सूची तैयार करेगी, जिसे 14 मार्च तक उपनिदेशक, पशुपालन विभाग मंडी को भेजा जाएगा। अंतिम चयन परिणाम वहीं से घोषित किया जाएगा।

क्या कहते हैं अधिकारी

वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. घनश्याम भूपल ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया विभागीय नियमों और निर्धारित मानकों के अनुसार शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न करवाई जा रही है।

अस्थायी नौकरी का अवसर

चयनित पशु मित्रों को सरकार की ओर से प्रतिमाह 5000 रुपये मानदेय दिया जाएगा। उन्हें प्रतिदिन चार घंटे कार्य करना होगा। इस अस्थायी नौकरी के लिए बड़ी संख्या में होनहार अभ्यर्थी आगे आ रहे हैं।

ये भी पढे़ं :-

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें