
नई दिल्ली: संसदीय कार्य मंत्री किरण रिजिजू ने बुधवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर पलटवार करते हुए कहा कि कोई माई का लाल पैदा नहीं हुआ जो भारत को बेच या खरीद सके। नेता प्रतिपक्ष ने सदन में बजट पर चर्चा में भाग लेते हुए अमरीका के साथ व्यापार समझौते को लेकर बुधवार को आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी सरकार ने पूरी तरह समर्पण कर दिया है और ‘उसे शर्म आनी चाहिए कि उसने भारत माता को बेच दिया है।’
उन्होंने कहा, मैं दावे के साथ कहता हूं कि आज तक के सबसे मजबूत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। आपके कहने से क्या होगा। आप लोगों ने देश की क्या हालत बना रखी थी। आज देश मजबूती से आगे बढ़ रहा है। रिजिजू ने दावा किया कि भारत के आगे बढ़ने से कांग्रेस दुखी हो जाती है। वहीं, रिजिजू ने एक प्रैस कांफ्रैंस में कहा कि सरकार राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन नोटिस लाने जा रही है, क्योंकि उन्होंने सदन को गुमराह किया और बिना आधार के गंभीर आरोप लगाए।
रिजिजू ने कहा कि लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही के लिए स्पष्ट नियम हैं। यदि कोई सदस्य किसी अन्य सदस्य पर गंभीर आरोप लगाना चाहता है, तो उसे पहले नोटिस देना होता है और अपने आरोपों के समर्थन में प्रमाण भी पेश करने होते हैं। बिना नोटिस और बिना प्रमाण के आरोप लगाना नियमों के खिलाफ है। उन्होंने यह भी कहा कि बजट पर चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने कोई ठोस और उपयोगी सुझाव नहीं दिया, बल्कि सिर्फ ‘बेबुनियाद और जंगली आरोप’ लगाए। रिजिजू ने बताया कि उन्होंने राहुल गांधी से कहा था कि जब वित्त मंत्री शाम 5 बजे बजट पर जवाब देंगी, तब वे सदन में मौजूद रहकर अपनी बातों को साबित करें।
रिजिजू ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का जिक्र करते हुए कहा कि 2014 में सरकार छोड़ने से पहले दिए गए उनके भाषण और पीआईबी की आधिकारिक रिलीज में साफ लिखा था कि 2030 के बाद भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस लक्ष्य को ‘फास्ट फॉरवर्ड’ कर दिया है। भारत अब चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और अगले 2-3 साल में तीसरे स्थान पर पहुंचने की ओर तेजी से बढ़ रहा है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...