पंजाब डेस्क: लुधियाना के लिए हवाई कनेक्टिविटी का सपना अब साकार होता नजर आ रहा है। बता दें कि हलवारा एयरपोर्ट से वाणिज्यिक उड़ानों को भारतीय वायुसेना की औपचारिक मंजूरी मिल चुकी है, जिसके बाद एयरपोर्ट अथॉरिटी और एयरलाइंस कंपनियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। संभावना जताई जा रही है कि मार्च 2026 से यहां से नियमित उड़ान संचालन शुरू हो सकता है।
उद्घाटन के बाद तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार
1 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आदमपुर एयरपोर्ट से वर्चुअल माध्यम से हलवारा एयरपोर्ट परियोजना का उद्घाटन किया था। उद्घाटन के दौरान 1 मार्च से उड़ानें शुरू करने की घोषणा की गई थी, लेकिन एयरलाइन स्तर पर कुछ तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं अभी पूरी की जानी बाकी हैं। इसी कारण तय तिथि को लेकर हल्का संशय बना हुआ है।
स्लॉट मंजूरी, दिन में दो बार उड़ान
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया की स्लॉट को-ऑर्डिनेशन और एलोकेशन कमेटी ने एयर इंडिया को दिन में दो स्लॉट आवंटित किए हैं। पहले स्लॉट में सुबह 7 बजे लैंडिंग और 7:40 बजे टेकऑफ की अनुमति दी गई है। वहीं दूसरा स्लॉट दोपहर 3 बजे लैंडिंग और 3:40 बजे टेकऑफ के लिए स्वीकृत हुआ है।
पहले चरण में दिल्ली के लिए सीधी उड़ान
प्रारंभिक चरण में लुधियाना से दिल्ली और दिल्ली से लुधियाना के बीच रोजाना दो-दो उड़ानें संचालित की जाएंगी। करीब 1 घंटा 20 मिनट का यह सफर यात्रियों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। अनुमान है कि टिकट कीमत 2800 से 3500 रुपए के बीच हो सकती है, हालांकि अंतिम किराया एयरलाइन द्वारा घोषित किया जाएगा। यात्रियों को उड़ान से कम से कम दो घंटे पहले एयरपोर्ट पहुंचना अनिवार्य होगा।
एयर इंडिया ने शुरू की तैयारियां
एयर इंडिया के अधिकारियों ने हाल ही में हलवारा एयरपोर्ट टर्मिनल बिल्डिंग का दौरा कर कार्यालय स्थापना के लिए स्थान का निरीक्षण किया। एयरलाइन ने टर्मिनल परिसर में अपने दफ्तर के लिए जगह भी मांग ली है। टिकट बुकिंग अभी शुरू नहीं हुई है, लेकिन औपचारिकताएं पूरी होते ही इसे शुरू किए जाने की संभावना है।
मालवा क्षेत्र को मिलेगा बड़ा लाभ
हलवारा एयरपोर्ट से उड़ानें शुरू होने पर मोगा, बरनाला, बठिंडा और फिरोजपुर सहित पूरे मालवा क्षेत्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। अब उन्हें चंडीगढ़ या अमृतसर जैसे शहरों तक लंबी दूरी तय करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
ये भी पढ़ें: Petrol Diesel Price: कई शहरों में बदले पेट्रोल-डीजल और CNG के दाम, जानें आज की नई दरें
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में लगेगा समय
हालांकि घरेलू उड़ानों की शुरुआत जल्द होने की उम्मीद है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय सेवाएं शुरू होने में अभी लगभग दो वर्ष का समय लग सकता है। इसके लिए अतिरिक्त बुनियादी ढांचे और सुरक्षा मानकों की पूर्ति आवश्यक होगी। लुधियाना के लिए यह कदम न केवल व्यापार और उद्योग को नई गति देगा, बल्कि क्षेत्रीय विकास और पर्यटन को भी प्रोत्साहित करेगा। अब सबकी नजरें आधिकारिक उड़ान कार्यक्रम और टिकट बुकिंग की घोषणा पर टिकी हैं।