नेशनल डेस्क: किसान देश की रीढ़ हैं। वे दिन-रात मेहनत करके खेतों में फसल उगाते हैं। अच्छी पैदावार के लिए उन्हें बेहतर बीज, खाद और सिंचाई के साधनों के साथ आर्थिक सहयोग की भी जरूरत होती है। किसानों की इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए केंद्र सरकार कई योजनाएं चला रही है। इनमें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना भी शामिल है।
इस योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि तीन बराबर किस्तों में दी जाती है यानी हर चार महीने में 2-2 हजार रुपये सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजे जाते हैं। यह पैसा डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से ट्रांसफर किया जाता है।
अब तक इस योजना की 21 किस्तें जारी की जा चुकी हैं। 21वीं किस्त 19 नवंबर को जारी की गई थी, जिसका लाभ देशभर के करोड़ों किसानों को मिला था। अब किसानों को 22वीं किस्त का इंतजार है। अगर किस्तों के अंतराल को देखें तो योजना के तहत हर किस्त लगभग चार महीने के अंतर से जारी होती है। चूंकि पिछली किस्त नवंबर में आई थी, इसलिए चार महीने का समय फरवरी में पूरा हो रहा है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि 22वीं किस्त फरवरी महीने में जारी की जा सकती है हालांकि, सरकार की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है। माना जा रहा है कि जल्द ही किस्त जारी करने की तारीख का ऐलान किया जा सकता है।
कौन किसान 22वीं किस्त के पात्र होंगे, यह भी जानना जरूरी है। योजना का लाभ उन्हीं किसानों को मिलेगा जिन्होंने ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर ली है। इसके अलावा भू-सत्यापन और आधार को बैंक खाते से लिंक कराना भी अनिवार्य है। किसानों को यह भी सुनिश्चित करना होगा कि उनके बैंक खाते में डीबीटी सुविधा सक्रिय हो, ताकि किस्त की राशि सीधे खाते में पहुंच सके।
सरकार समय-समय पर किसानों से जरूरी औपचारिकताएं पूरी करने की अपील करती रहती है, ताकि किसी भी किस्त का लाभ पाने में कोई परेशानी न हो। इसलिए किसानों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी जानकारी और दस्तावेज समय पर अपडेट रखें।
Video: सोना-चांदी नहीं… धान के दानों से सजे हार-झुमके, फरीदाबाद में अनोखा आकर्षण
मेष: दिन शुभ रहेगा...