
नई दिल्ली: राजधानी में 16 से 20 फरवरी तक होने वाले इंटरनेशनल AI समिट को लेकर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को अभूतपूर्व स्तर पर कड़ा किया जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य आयोजन स्थल भारत मंडपम और आसपास का लुटियंस ज़ोन रहेगा, जिसके चलते कई प्रमुख सड़कों पर डायवर्जन और प्रतिबंध लागू होंगे। VIP मूवमेंट को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष प्लान तैयार किया है, जिससे आम लोगों को अगले चार दिन अतिरिक्त सतर्क रहना होगा।
5 किमी दायरे में 34 स्कूलों पर असर
भारत मंडपम के आसपास करीब 5 किलोमीटर के दायरे में 34 स्कूल आते हैं। इनमें से 10 स्कूल बोर्ड परीक्षा केंद्र हैं, जहां लगभग 2,900 से ज्यादा छात्र परीक्षा देंगे। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि परीक्षा देने वाले छात्रों की आवाजाही बाधित न हो, इसके लिए ट्रैफिक पुलिस और शिक्षा विभाग के नोडल अधिकारी तैनात रहेंगे।
कुछ स्कूल VIP रूट के नजदीक हैं, जहां ट्रैफिक जाम की आशंका ज्यादा है। ऐसे में छात्रों को समय से पहले घर से निकलने की सलाह दी गई है।
ऑनलाइन क्लास पर विचार
शिक्षा निदेशालय ने प्रभावित स्कूलों को एडवाइजरी जारी कर ट्रैफिक पुलिस के साथ समन्वय बनाने को कहा है। कई स्कूल एहतियातन नियमित कक्षाओं को अस्थायी रूप से ऑनलाइन मोड में शिफ्ट करने पर विचार कर रहे हैं। हालांकि, बोर्ड परीक्षाएं ऑफलाइन ही आयोजित होंगी।
बड़े होटलों के आसपास एक्टिविटी बढ़ेंगी
कॉन्फ्रेंस के लिए देश और विदेश से आने वाले डेलीगेट्स को ठहराने के लिए राजधानी के कई बड़े होटलों को बुक किया गया है। इनमें ओबेरॉय नई दिल्ली, ताज महल होटल, क्लैरिज, ली मेरिडियन, होटल इंपीरियल, लीला पैलेस नई दिल्ली, ताज पैलेस नई दिल्ली, ITC मौर्य, हयात रीजेंसी और होटल अशोक शामिल हैं। इन होटलों के आस-पास सिक्योरिटी के इंतज़ाम कड़े किए जाएंगे, और ट्रैफिक पर नॉर्मल से ज़्यादा असर पड़ सकता है।
किन रूट्स पर रहेगा ज्यादा असर?
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, मथुरा रोड (चिड़ियाघर से तिलक मार्ग के बीच) पर दबाव बढ़ सकता है। वैकल्पिक मार्ग के तौर पर सराय काले खां-आश्रम या लाला लाजपत राय मार्ग से रिंग रोड लेने की सलाह दी गई है।
भैरों मार्ग से गुजरने वालों को ITO-आश्रम सेक्शन की रिंग रोड या प्रगति मैदान टनल का इस्तेमाल करने की सलाह है। राजेश पायलट मार्ग पर भी आंशिक रोक संभव है, इसलिए सफदरजंग मार्ग या अरबिंदो मार्ग बेहतर विकल्प हो सकते हैं।
लुटियंस दिल्ली में भी बदलाव
अकबर रोड, जनपथ, सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, APJ अब्दुल कलाम रोड, डॉ. ज़ाकिर हुसैन मार्ग और C-हेक्सागन सहित कई प्रमुख सड़कों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। इसके अलावा लोधी रोड, बहादुर शाह ज़फर मार्ग और मान सिंह रोड जैसे मार्गों पर भी ट्रैफिक स्लो हो सकता है।
ये भी पढ़ें: Share Market Update: शेयर बाजार की सुस्त शुरुआत, Sensex-Nifty के अंक लुढ़के, लाल निशान में ये स्टॉक्स
जनता से अपील
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर जांचें और संभव हो तो मेट्रो जैसे सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। परीक्षा देने वाले छात्र विशेष रूप से समय से पहले निकलें।
अगले चार दिन राजधानी के इस हिस्से में ‘ट्रैफिक लॉकडाउन’ जैसी स्थिति रह सकती है, लेकिन प्रशासन का दावा है कि बेहतर तालमेल और प्लानिंग से आम लोगों को कम से कम असुविधा होगी।
मेष: दिन शुभ रहेगा...