लुधियाना: बुड्ढे दरिया को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल की अगुवाई में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। दो घंटे चली इस बैठक में विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। संत सीचेवाल ने दावा किया कि बुड्ढे दरिया की सफाई के लिए चलाए जा रहे अभियान में सफलता मिल रही है, लेकिन अभी भी कई कार्य बाकी हैं। गुरुद्वारा गऊघाट तक साफ पानी पहुंचाने के प्रयास जारी हैं। बैठक के दौरान दरिया में गिर रहे गोबर के मुद्दे को सबसे गंभीरता से उठाया गया।
जानकारी के अनुसार ताजपुर डेयरी कॉम्प्लेक्स से प्रतिदिन लगभग 200 टन और हैबोवाल डेयरी कॉम्प्लेक्स से 400 टन गोबर उत्पन्न होता है लेकिन हैबोवाल डेयरी कॉम्प्लेक्स का पूरा गोबर नहीं उठाया जा रहा। हालांकि नगर निगम की ओर से गोबर उठाने के लिए ठेकेदार को टेंडर के माध्यम से काम सौंपा गया है, फिर भी व्यवस्था पूरी तरह प्रभावी नहीं है। वर्तमान आंकड़ों के अनुसार हैबोवाल डेयरी कॉम्प्लेक्स का 220 टन गोबर सीबीजी प्लांट में भेजा जा रहा है, जबकि ठेकेदार फिलहाल 36 टन गोबर उठा रहा है। ताजपुर डेयरी कॉम्प्लेक्स का 170 टन गोबर नगर निगम द्वारा उठाया जा रहा है।
इसके बावजूद ताजपुर और हैबोवाल डेयरी कांप्लेक्स का करीब 176 टन गोबर प्रतिदिन बुड्ढे दरिया में गिर रहा है। मीटिंग में डेयरी मालिकों और ठेकेदारों के साथ बैठक कर समस्याओं का समाधान निकालने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही अगली मीटिंग 21 फरवरी को करने का फैसाल लिया गया। सीचेवाल ने कहा कि अगली मीटिंग में गुलाब चंद कटारिया शामिल रहेंगे। इस समीक्षा बैठक में नगर निगम मेयर इंद्रजीत कौर, कमिश्नर नीरू कत्याल गुप्ता, एडिशनल कमिश्नर परमदीप सिंह खैहरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में पिछली बैठकों की एक्शन टेकन रिपोर्ट पर भी चर्चा की गई।
ताजपुर रोड के पास डेयरी का गोबर सीधे तौर पर दरिया में फैंकने को लेकर रोक लगा रखी है, परंतु इसके बावजूद एक घर में चल रही डेयरी का भी गोबर दरिया में डाले जाने का खुलासा हुआ। ताजपुर रोड नजदीक राधा स्वामी सत्संग घर के पास बनाई जा रही पुली का दौरा करने के दौरान संत सीचेवाल की निगाह घर में चलाई जा रही डेयरी की तरफ गई। जहां पर घर में ही डेयरी चलाई जा रही थी। संत सीचेवाल ने अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई करने के आदेश जारी किए।
मेष: दिन शुभ रहेगा...