“चीनी बनना”—सोशल मीडिया का यह क्रेज इस वसंत महोत्सव को चीनी संस्कृति के सर्वोत्तम अनुभव और चीन को समझने के “सही तरीके” में बदल रहा है। चाइना मीडिया ग्रुप (सीएमजी) के अधीनस्थ चाइना ग्लोबल टेलीविज़न नेटवर्क (सीजीटीएन) द्वारा किए गए एक वैश्विक सर्वेक्षण के अनुसार 80.8 फीसदी उत्तरदाताओं ने कहा कि चीनी संस्कृति एकतरफा निर्यात से व्यापक स्तर पर गूंजने लगी है, और कई लोग चीनी नव वर्ष के दौरान “चीनी बनने” के लिए उत्सुक रहते हैं।
इस वर्ष वसंत उत्सव की छुट्टियों के दौरान, विदेशी पर्यटकों द्वारा चीन के लिए उड़ान बुकिंग में साल-दर-साल चार गुना से अधिक की वृद्धि हुई है। ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और ब्रिटेन से बुकिंग में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई, जबकि दक्षिण कोरियाई पर्यटकों की बुकिंग में पिछले वर्ष की तुलना में 95 प्रतिशत का इजाफा हुआ। स्पेन, नीदरलैंड और इटली जैसे यूरोपीय देशों से बुकिंग में आम तौर पर दो गुना से अधिक की बढ़ोतरी हुई। “चीनी बनने” का ऑनलाइन अनुभव “चीन में वसंत उत्सव मनाने” के एक गहन अनुभव में तब्दील हो रहा है। सर्वेक्षण में, 86.7 प्रतिशत उत्तरदाताओं ने चीन में वसंत उत्सव मनाने की उत्सुकता व्यक्त की। जबकि 95.1 फीसदी चीनी नव वर्ष के बारे में जानने में बेहद रुचि रखते थे, वहीं 78.7 फीसदी का मानना था कि वसंत उत्सव लोगों के लिए चीनी संस्कृति और जीवनशैली को समझने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।
दो साल पहले, “वसंत उत्सव – चीनी लोगों द्वारा पारंपरिक नव वर्ष मनाने की सामाजिक प्रथा” को यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की प्रतिनिधि सूची में शामिल किया गया था, जिससे यह पूरी मानवता का साझा सांस्कृतिक खजाना बन गया। 95 फीसदी उत्तरदाताओं का मानना था कि यूनेस्को की सूची में वसंत उत्सव का सफल समावेश यह दर्शाता है कि चीनी संस्कृति को विश्व स्तर पर अधिकाधिक स्वीकार किया जा रहा है और सराहा जा रहा है, जबकि 91.7 प्रतिशत उत्तरदाताओं का मानना था कि वसंत उत्सव में निहित एकता, मित्रता, शांति, सद्भाव और मेलजोल की मानवीय भावना मानव सभ्यता के मूल मूल्यों के साथ पूर्णतः मेल खाती है।
“चीन आने से पहले, यह मेरे लिए एक रहस्य था; यहाँ आने के बाद, मैं चीन का प्रशंसक बन गया।” “चीनी बनने” की इस व्यापक लहर के पीछे दुनिया की प्रामाणिक चीनी कहानियों की चाहत है, और चीन दुनिया के सामने एक बिल्कुल नई छवि पेश कर रहा है। सर्वेक्षण से पता चलता है कि 92.1 प्रतिशत उत्तरदाताओं का मानना है कि गहन और दीर्घकालिक पारंपरिक चीनी संस्कृति का आधुनिक तत्वों के साथ एकीकरण उन्हें एक परिचित सांस्कृतिक अनुभव प्रदान करता है, 76.3 प्रतिशत उत्तरदाताओं का मानना है कि “चीनी बनने” का यह जुनून दर्शाता है कि चीन की खुली नीति केवल बाजार और नीतिगत खुलेपन तक ही सीमित नहीं है, बल्कि जीवनशैली और सांस्कृतिक अवधारणाओं के एकीकरण को भी दर्शाती है, वहीं 88.2 प्रतिशत उत्तरदाताओं का मानना है कि चीनी संस्कृति का वैश्विक प्रभाव वैश्विक उपभोक्ता बाज़ार को और अधिक जीवंत बनाएगा।
यह सर्वेक्षण सीजीटीएन के अंग्रेजी, स्पैनिश, फ़्रेंच, अरबी और रूसी प्लेटफार्मों पर जारी किया गया था, और 24 घंटों के भीतर 5,154 विदेशी इंटरनेट यूजर्स ने भाग लिया और अपने विचार व्यक्त किए।
(साभार—चाइना मीडिया ग्रुप ,पेइचिंग)