इंटरनेशनल डेस्क: कराची में बृहस्पतिवार को एक बड़ा हादसा हो गया। एक आवासीय इलाके में स्थित अपार्टमेंट में गैस विस्फोट होने के बाद इमारत का एक हिस्सा ढह गया। इस घटना में महिलाओं और बच्चों सहित कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस और बचाव अधिकारियों के मुताबिक, धमाका सिंध प्रांत की राजधानी कराची के एक रिहायशी क्षेत्र में हुआ। स्थानीय पुलिस प्रमुख रिजवान पटेल ने बताया कि हादसे के बाद तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। बचाव दल मलबा हटाकर यह जांच कर रहे हैं कि कहीं और लोग अंदर फंसे तो नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अभी पूरी जानकारी जुटाई जा रही है और ऑपरेशन जारी है।
बताया जा रहा है कि विस्फोट इतना तेज था कि इमारत का एक बड़ा हिस्सा अचानक गिर गया। आसपास के लोग धमाके की आवाज सुनकर बाहर निकल आए और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पाकिस्तान के कई शहरों की तरह कराची में भी ज्यादातर घरों और अपार्टमेंट में खाना बनाने के लिए प्राकृतिक गैस का इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि गैस का दबाव कम रहने की समस्या के कारण कई परिवार एलपीजी सिलेंडर का भी सहारा लेते हैं। शुरुआती आशंका है कि गैस रिसाव के कारण यह हादसा हुआ, लेकिन असली वजह की जांच की जा रही है।
बता दें इससे पहले भी गैस विस्फोट की घटनाएं सामने आती रही हैं। हाल ही में इस्लामाबाद में जुलाई महीने में एक घर में शादी के बाद आयोजित प्रीतिभोज के दौरान गैस धमाका हुआ था। उस हादसे में दूल्हा-दुल्हन समेत आठ लोगों की जान चली गई थी। यह विस्फोट उस समय हुआ था जब मेहमान नवविवाहित जोड़े का स्वागत करने के लिए एकत्रित थे।
Video: शोपियन के निवासियों ने रमजान में जरूरी सामान की कीमतें नियंत्रित करने की अपील की