एंटरटेनमेंट डेस्क: बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली को लेकर हाल ही में सोशल मीडिया पर एक चौंकाने वाली खबर तेजी से फैल गई। वायरल पोस्ट्स में दावा किया गया कि 24 फरवरी को उन्होंने अपना 63वां जन्मदिन मनाया और इसके अगले दिन यानी 25 फरवरी को उन्हें दिल का दौरा पड़ गया। खबर में यह भी कहा गया कि उन्हें तुरंत मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दावे के बाद फैंस और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोग काफी चिंतित हो गए।
हालांकि, अब इस मामले में भंसाली की टीम ने खुद सामने आकर सच्चाई स्पष्ट कर दी है। टीम की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि उनके अस्पताल में भर्ती होने और हार्ट अटैक की खबरें पूरी तरह झूठी और बेबुनियाद हैं। बयान में लोगों से अपील की गई है कि वे बिना पुष्टि के ऐसी अफवाहों पर विश्वास न करें और उन्हें आगे न फैलाएं।
टीम ने यह भी साफ किया कि संजय लीला भंसाली को किसी तरह का दिल का दौरा नहीं पड़ा है। वे सिर्फ रूटीन चेकअप के लिए अस्पताल गए थे। उनकी तबीयत बिल्कुल ठीक है और चिंता की कोई बात नहीं है। परिवार और टीम ने फैंस के प्यार और चिंता के लिए आभार भी जताया है।

काम की बात करें तो संजय लीला भंसाली इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म लव एंड वॉर को लेकर चर्चा में हैं। इस फिल्म में रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विकी कौशल मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म पहले पिछले साल रिलीज होने वाली थी, लेकिन बाद में इसे टाल दिया गया। अब उम्मीद की जा रही है कि यह फिल्म इसी साल सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है, हालांकि मेकर्स ने अभी आधिकारिक रिलीज डेट की घोषणा नहीं की है।
Video: हरियाणा में विधानसभा घेराव का ऐलान, हाउस अरेस्ट दावे से गरमाई सियासत
मेष: दिन शुभ रहेगा...