Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

लुधियाना: कृपाल नगर में पूर्व वर्कर ने दुकान में घुसकर कपड़ा व्यापारी के बेटे पर आरी से किए कई वार

February 28, 2026

लुधियाना: कृपाल नगर में पूर्व वर्कर ने दुकान में घुसकर कपड़ा व्यापारी के बेटे पर आरी से किए कई वार

लुधियाना: कृपाल नगर में कपड़ा कारोबारी के पास काम करने वाले पूर्व मुलाजिम ने उसके बेटे पर दुकान में घुसकर आरी के ब्लेड से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने दुकान का शटर गिराया और कारोबारी के बेटे पर ताबड़तोड़ कई वार किए। किसी तरह हिम्मत जुटाकर लहूलुहान युवक ने दुकान का शटर खोला और जान बचाने के लिए एक दुकान में घुस आया। आरोपी भी उसके पीछे दुकान में घुसा और उस पर कई वार किए। आसपास के लोगों के बीच-बचाव करने पर आरोपी ने उन पर भी आरी के ब्लेड से हमले की कोशिश की।

सरेआम हुई इस वारदात के बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। दहशत का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कारोबारी के बेटे को गंभीर घायल करने के बाद आरोपी आराम से पैदल वहां से निकल गया और किसी ने उसे रोकने की हिम्मत नहीं की, जिसे बाद में कृपाल नगर मार्कीट के प्रधान लाल सिंह सिद्धू व कुछ अन्य लोगों ने आधा किलोमीटर दूर पीछा कर काबू किया और थाना दरेसी की पुलिस के हवाले कर दिया। घायल का नाम सन्नी प्रजापति है। उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे निजी अस्पताल रैफर कर दिया गया।

उसके सिर, चेहरे व बाजुओं पर गहरे जख्म आए हैं। यह हमला रंजिशन बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस हिरासत में आरोपी से पूछताछ जारी है। यह वारदात कश्मीर नगर के निकट कृपाल नगर में हुई। कपड़ा कारोबारी शंकर प्रजापति का बेटा सन्नी प्रजापति दुकान पर मौजूद था, जबकि खुद शंकर प्रजापति गांव गए हुए हैं। शुक्रवार सुबह सन्नी ने दुकान खोली और साफ-सफाई के लिए झाड़ लगाने लगा, तभी आरोपी युवक वहां आ गया और सन्नी से रुपयों की डिमांड करने लगा। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। कहा जा रहा है कि आरोपी ने कपड़ा काटने के लिए बनाया आरी के ब्लेड वाला तीखा चाकू उठाया और सन्नी पर हमला कर दिया।

उसने दुकान का शटर गिराया और सन्नी पर ताबड़तोड़ वार किए। लहूलुहान सन्नी ने किसी तरह शटर खोला और जान बचाने के लिए वहां मार्कीट में ही रिपन फैब्रिक्स की दुकान में घुस गया। आरोपी भी हाथ में आरी वाला ब्लेड पकड़े उसके पीछे घुस गया। दुकानदार व अन्यों ने बीच-बचाव करना चाहा लेकिन आरोपी पर खून सवार था। उसने वहां मौजूद लोगों पर भी हमले की कोशिश की, जिस पर वह सभी पीछे हट गए। सन्नी को गंभीर घायल करने के बाद आरोपी वहां से निकल गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें