यमुनानगर: स्पैशल सेल की टीम को चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने में बड़ी सफलता मिली है। टीम ने चोरी के मामलों में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक सजायाफ्ता भी शामिल है, जो जेल से बाहर आते ही फिर से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय हो गया था। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। एक आरोपी को पहले ही सजा हो रखी है। प्रभारी रमन चंदेल ने जानकारी देते हुए बताया कि उनकी टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि तीन युवक बुढ़िया रोड क्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं।
इस सूचना के आधार पर तुरंत कार्रवाई करते हुए उप निरीक्षक सतीश कुमार, एएसआई जसजीत सिंह, कुलदीप और दीपक की टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को काबू कर लिया।। आरोपियों की पहचान गांव कोटड़ा खास निवासी साहिल उर्फ सोनू उर्फ बैटरी, सचिन तथा दयालगढ़ निवासी क्रीम के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जिले में की गई कई चोरी की वारदातों का खुलासा किया है।
जांच में सामने आया कि 26 फरवरी की रात आरोपियों ने बुढ़िया गांव के बाजार में एक दुकान में चोरी का प्रयास किया तथा एक अन्य करियाना दुकान से सामान चोरी कर फरार हो गए थे। इसके अलावा 19 फरवरी की रात अजरुन नगर, जगाधरी स्थित एक आटा चक्की से नकदी और अन्य सामान चोरी करने की वारदात भी साहिल और उसके फरार साथियों द्वारा अंजाम दी गई थी। पूछताछ में यह भी सामने आया कि 21 फरवरी को साहिल ने मॉडल टाउन बस स्टैंड के पास स्थित एक कपड़े की दुकान से सामान चोरी किया था।
वहीं 25 फरवरी को बिलासपुर स्थित सत्संग भवन में ठहरे एक व्यक्ति के कमरे से आभूषण व अन्य कीमती सामान चोरी करने की वारदात को भी आरोपियों ने अंजाम दिया था। इंचार्ज रमन चंदेल ने बताया कि मुख्य आरोपी साहिल पर चोरी, स्नैचिंग और लूट के करीब एक दर्जन मामले पहले से दर्ज हैं, जो विभिन्न अदालतों में विचाराधीन हैं। आरोपी सचिन के खिलाफ भी चोरी के छह मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपी दिसंबर माह में ही जमानत पर जेल से बाहर आए थे और बाहर आते ही दोबारा अपराध करना शुरू कर दिया।
मेष: दिन शुभ रहेगा...