Last Updated: October 12, 2026

Dainik Savera Times Logo

खड़े ट्रक से टकराईं दो रोडवेज बसें, 3 लोगों की मौत, 31 घायल

March 2, 2026

खड़े ट्रक से टकराईं दो रोडवेज बसें, 3 लोगों की मौत, 31 घायल

नेशनल डेस्क: लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सिरधरपुर और देवखरी गांव के पास मथुरा और आगरा डिपो की दो रोडवेज बसें एक ही खड़े ट्रक से टकरा गईं। इस हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई और 31 लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

पहली घटना रात करीब 12 बजे किलोमीटर संख्या 226 पर सिरधरपुर गांव के सामने हुई। एक ट्रक सड़क किनारे खड़ा था, लेकिन वह काफी हद तक सड़क को घेरे हुए था। इसी दौरान आगरा फोर्ट डिपो की एक रोडवेज बस पीछे से ट्रक में जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार 14 यात्री घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पांच एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को बांगरमऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद कुछ घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को हटाने के लिए हाइड्रा मशीन मंगाई गई।

पुलिस जब रात करीब 2:30 बजे क्षतिग्रस्त ट्रक को प्रीतमपुरा चौकी ले जा रही थी, तभी आगरा फोर्ट डिपो की ही एक दूसरी रोडवेज बस उसी ट्रक में पीछे से टकरा गई। दूसरी टक्कर और भी ज्यादा गंभीर साबित हुई। इस हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई और 17 लोग घायल हो गए। पुलिस और राहत दल ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार दोनों हादसों की वजह बस चालकों को झपकी आना बताया जा रहा है, हालांकि पूरे मामले की जांच की जा रही है। मृतकों की अभी पहचान नहीं हो सकी है। शवों को पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया है और उनकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।

कोतवाल अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि ट्रक सड़क किनारे खड़ा था, लेकिन उससे यातायात प्रभावित हो रहा था। दोनों बसों के कुल 31 यात्री घायल हुए हैं और तीन लोगों की जान गई है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Video: कुरुक्षेत्र में पिछड़ा वर्ग ‘ए’ की प्रदेश स्तरीय बैठक,राज्यसभा सीट और 27% आरक्षण की मांग तेज

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें