Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

कनाडा में पंजाबी यूट्यूबर Nancy Grewal की हत्या: घर में घुसकर चाकू से हमला, पुलिस ने शुरू की जांच

March 5, 2026

कनाडा में पंजाबी यूट्यूबर Nancy Grewal की हत्या: घर में घुसकर चाकू से हमला, पुलिस ने शुरू की जांच

पंजाब डेस्क: कनाडा के विंडसर शहर में रहने वाली पंजाबी मूल की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर नैन्सी ग्रेवाल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। बता दें कि 45 वर्षीय नैन्सी पर मंगलवार रात करीब 9:30 बजे उनके घर में घुसकर हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

स्थानीय पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और पैरामेडिक्स की टीम टॉड लेन के 2400 ब्लॉक में मौके पर पहुंची। घायल हालत में मिली महिला को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इलाके को घेरकर जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद पुलिस ने इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। टॉड लेन पर कनाडा स्ट्रीट और बिशप स्ट्रीट के बीच दो घरों को सुरक्षा घेराबंदी में लिया गया है। घर के मुख्य दरवाजे तक जाने वाली सीढ़ियों और रास्ते पर कई अहम सबूत मिलने की संभावना के चलते उन्हें चिह्नित किया गया है।

इसके अलावा पुलिस ने घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित एक जंगलनुमा इलाके को भी सील कर दिया है। यहां हर्ब ग्रे पार्कवे के पास पैदल चलने वाले रास्तों के प्रवेश द्वार पर पीली पुलिस टेप लगाई गई है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही जांच टीम

आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास इस घटना से जुड़ी कोई जानकारी या सुरक्षा कैमरे की रिकॉर्डिंग हो, तो वे पुलिस से संपर्क करें।

सोशल मीडिया पर विवादित बयानों के लिए जानी जाती थीं

नैन्सी ग्रेवाल सोशल मीडिया पर सक्रिय थीं और अपने वीडियो में कई राजनीतिक और सामाजिक मुद्दों पर खुलकर टिप्पणी करती थीं। वह खालिस्तान समर्थक गतिविधियों की आलोचना करने के लिए भी जानी जाती थीं। कई बार उनके वीडियो विवादों में भी रहे, क्योंकि उनमें तीखी और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया जाता था।

करीब छह दिन पहले उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने श्री अकाल तख्त के जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसके बाद उन्होंने कोई नया वीडियो पोस्ट नहीं किया। इसके अलावा उन्होंने फरवरी के अंत में डेरा ब्यास के बाबा और कुछ राजनीतिक नेताओं को लेकर भी अपने विचार सोशल मीडिया पर साझा किए थे।

पंजाब से कनाडा तक का सफर

जानकारी के अनुसार, नैन्सी ग्रेवाल मूल रूप से पंजाब के लुधियाना जिले के जोधा इलाके की रहने वाली थीं। शुरुआती दौर में उन्होंने समाज सेवा से अपने करियर की शुरुआत की और बाद में पंजाबी सिंगर के रूप में स्टेज कार्यक्रम भी किए। वर्ष 2015 तक वह कई मंचों पर प्रस्तुति दे चुकी थीं।

इसके बाद वह आम आदमी पार्टी से जुड़ीं और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहीं। कुछ समय बाद वह कनाडा चली गईं, जहां सोशल मीडिया के जरिए अपनी पहचान बनाई।

ये भी पढ़ें:

पुलिस ने कहा जल्द होगी आरोपी होगा गिरफ्तार

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी माइकल पियर्स ने कहा कि इस हत्या की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने पीड़ित परिवार और दोस्तों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की वजहों और संभावित संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें