Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

IRIS Dena जहाज को डूबाने पर भड़का ईरान, कहा- अमेरिका को अपने इस कदम पर पछताना पड़ेगा

March 5, 2026

IRIS Dena जहाज को डूबाने पर भड़का ईरान, कहा- अमेरिका को अपने इस कदम पर पछताना पड़ेगा

इंटरनेशनल डेस्क: श्रीलंका के दक्षिणी तट के पास हिंद महासागर में बड़ा नौसैनिक हमला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, अमेरिकी पनडुब्बी ने ईरान की नौसेना के फ्रिगेट IRIS Dena को निशाना बनाया, जिससे जहाज डूब गया। इस हमले में 87 लोगों की मौत की खबर है। घटना के बाद ईरान ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए अमेरिका को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी है।

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि अमेरिका ने ईरान के तट से करीब 2,000 मील दूर अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में एक गंभीर अपराध किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगभग 130 नाविकों को लेकर जा रहे फ्रिगेट ‘डेना’ पर बिना किसी चेतावनी के हमला किया गया। अमेरिका को अपने इस कदम पर पछताना पड़ेगा और ईरान इस मामले को हल्के में नहीं लेगा।

यह घटना 4 मार्च की तड़के हुई बताई जा रही है। ईरानी नौसेना का फ्रिगेट Islamic Republic of Iran Navy से जुड़ा पोत IRIS Dena श्रीलंका के गाले शहर से करीब 40 नॉटिकल मील दक्षिण में समुद्र में डूब गया। बताया जा रहा है कि यह जहाज हाल ही में विशाखापत्तनम में आयोजित बहुराष्ट्रीय नौसैनिक अभ्यास MILAN 2026 और इंटरनेशनल फ्लीट रिव्यू में हिस्सा लेने के बाद अपने देश लौट रहा था।

श्रीलंका के रक्षा सूत्रों के अनुसार, हमला पनडुब्बी से दागे गए टॉरपीडो के जरिए किया गया। स्थानीय समयानुसार सुबह 5:08 से 5:30 बजे के बीच जहाज से संकट संदेश मिला। संदेश में समुद्र के नीचे हुए जोरदार विस्फोट की जानकारी दी गई थी, जिससे जहाज को भारी नुकसान पहुंचा और उसमें तेजी से पानी भरने लगा। कुछ ही मिनटों में जहाज रडार से गायब हो गया और पूरी तरह डूब गया।

 

इस घटना को अमेरिका-इस्राइल-ईरान के बीच बढ़ते तनाव के दौरान गहरे समुद्र में हुई पहली बड़ी नौसैनिक कार्रवाई माना जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि इससे हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षा चिंताएं बढ़ सकती हैं और इसका असर भारत समेत पूरे क्षेत्र की समुद्री रणनीति पर पड़ सकता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें